तमिलनाडु में नई सरकार के गठन पर छाए असमंजस के बादल अब एक तरह से हट गए हैं. टीवीके चीफ विजय ने शुक्रवार (8 मई 2026) को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया. सूत्रों के मुताबिक विजय के पास बहुमत से ज्यादा 121 विधायकों का समर्थन है. 234 विधानसभा सीटों वाले तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए बहुमत का जादुई आंकड़ा 118 है.
विजय की राज्यपाल से ये तीसरी मुलाकात है. इससे पहले जब वो राज्यपाल से मिले थे तो उनके पास सरकार बनाने के लिए जरूरी विधायकों का समर्थन नहीं था. सूत्रों के मुताबिक, राज्यपाल ने उन्हें जरूरी विधायकों की संख्या के साथ आने को कहा था.
कल सीएम पद की शपथ लेंगे विजय
TVK प्रमुख विजय 9 मई की सुबह 11 बजे जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में सीएम पद की शपथ लेंगे. विजय ने राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर को खुद की पार्टी के 107 विधायक के अलावे, कांग्रेस के 5, सीपीएम के 2, सीपीआई के 2, वीसीके के 2, IUML के 2, AMMK के 1 विधायक के समर्थन का पत्र सौंपा, जो कुल 121 होता है. यानी कि विजय के पास बहुमत से 3 विधायक ज्यादा ही हैं.
टीवीके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं होगा वाम दल
तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल दोनों वामपंथी दलों सीपीआई और सीपीएम ने कहा कि समर्थन देने का निर्णय बीजेपी को राज्य में पिछले दरवाजे से एंट्री करने से रोकने के लिए लिया गया है. हालांकि, राज्य के अधिकारों के मामले में वे (वाम दल) डीएमके के साथ बने रहेंगे. वाम दलों ने घोषणा की है कि वे टीवीके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेंगे. सीपीआई और सीपीएम दोनों के दो-दो विधायक हैं. उन्होंने दिनभर की चर्चा के बाद अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को अपना समर्थन देने की घोषणा की. पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को समर्थन दे दिया है.
चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, पार्टी संस्थापक विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक को छोड़ना होगा. विजय को चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व सीटों में से एक को छोड़ना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें : तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए नहीं मिला निमंत्रण तो सुप्रीम कोर्ट पहुंची TVK, राज्यपाल को निर्देश देने की मांग
