उत्तर प्रदेश में गौ रक्षा अभियान के बीच शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गाय के संरक्षण को लेकर बड़ा ऐलान किया हैं. उन्होंने कहा कि वो जल्द ही एक ऐसी वेबसाइट की शुरुआत करने जा रहे हैं जहां पर गाय को खरीदा जा सकेगा. शंकराचार्य ने कहा कि ओएलएक्स की तर्ज पर गो-एलक्स (Go-LX) वेबसाइट बनने जा रही है, जिस पर आप गाय बेच सकते हैं हम उस गाय को खरीदेंगे.
शंकराचार्य यूपी में बीते काफी समय से गो हत्या को रोकने और गाय का सरंक्षण करने का अभियान चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस वेबसाइट के ज़रिए गाय की खरीद-फरोख्त हो सकेगी. उनका मकसद एकदम साफ़ है कि गाय को किसी कसाई के हाथ मारने या काटने के लिए नहीं दिया जा सकता है. इससे गो सरंक्षण को नई दिशा मिलेगा.
OLX की तर्ज पर गो-एलक्स (Go-LX) वेबसाइट
शंकराचार्य ने कहा कि “हम एक योजना घोषित करना चाहते हैं, वो योजना हमारी ये हैं कि अगर आप गाय को बेचना चाहते हैं तो वो गाय आप हमें बेच दीजिए हम उसे खरीदने के लिए तैयार हैं. जैसे ओएलएक्स नाम की वेबसाइट है उसकी तरह हम उसमें ‘जी’ लगाकर गो-एलक्स (Go-LX) वेबसाइट बनवा रहे हैं, एक-दो दिन में वो बनकर तैयार हो जाएगी.
अगर आप अपनी गाय बेचना चाहते हैं तो विज्ञापन देकर हमसे संपर्क करिए हम आपकी गाय खरीदेंगे. मारने के लिए काटने के लिए हम गाय को नहीं देना चाहेंगे. बहुत जल्द यह वेबसाइट बनकर तैयार हो जाएगी.”
शंकराचार्य ने किया गायों को खरीदने का ऐलान
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने ऐलान किया कि इस जो भी व्यक्ति अगर वो गो माता को रखने में सामर्थ्य नहीं है तो वह इस वेबसाइट पर गाय को बेच सकता है, हम उस गाय को खरीद लेंगे. उन्होंने ये भी कहा कि वो ख़ासतौर पर ऐसी गायों को खरीदेंगे जो दूध देना बंद कर चुकी हैं या जिन्हें पशुपालक कसाई के हाथों में बेच रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसी गायों को वो आश्रय देंगे.
अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि आज बड़ी संख्या में मुसलमान भी गाय की हत्या के विरोध में हैं. इस्लाम में भी गो मांस खाना कोई अनिवार्य धार्मिक कार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि बहुत सारे मुसलमान ने कहा है कि हमारे धर्म में कहीं भी गो मांस के सेवन का जिक्र नहीं है और अब वो गाय का मांस नहीं खाएंगे. उन्होंने मुसलमानों की इस पहल की भी सराहना की.
