कांची कौल की गिनती टीवी की बेहतरीन एक्ट्रेसेस में होती है. उन्होंने अपने दमदार एक्टिंग के दम पर इंडस्ट्री में अलग जगह बनाई है. कांची तेलुगु सिनेमा की भी जानी-मानी एक्ट्रेस हैं. उन्होंने कई बेहतरनी फिल्मों में काम किया है. कांची कौल 24 मई को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. चलिए इस मौके पर शब्बीर अहलूवालिया के साथ उनकी लव स्टोरी जानते हैं.
एकता कपूर ने कराई दोनों की मुलाकात
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, कांची की पहली मुलाकात साल 2007 में टीवी शो ‘भाभी’ के सेट पर शब्बीर से हुई थी, लेकिन उस वक्त दोनों के बीच ज्यादा बातचीत नहीं हुई. बाद में कांची की शब्बीर से पहली मुलाकात टीवी क्वीन एकता कपूर ने करवाई थी. शुरुआत दोस्ती से हुई, लेकिन धीरे-धीरे दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा और उन्होंने एक-दूसरे को डेट करना शुरू कर दिया. हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते को काफी समय तक दुनिया की नजरों से दूर ही रखा.
ये भी पढ़ें:- ‘मैंने उन्हें पैसा कमाना सिखाया’, मनोज तिवारी ने रवि किशन पर कसा तंज, बोले- हमारी कोई तुलना नहीं
पांच साल तक किया डेट
कांची और शब्बीर ने पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद शादी का फैसला लिया. उन्होंने 27 नवंबर 2011 को धूमधाम से शादी रचाई. शादी के तीन साल बाद 23 जुलाई 2014 को इस कपल ने अपने पहले बेटे का वेलकम किया, जिनका नाम अजाई अहलूवालिया हैं. इसके बाद कांची ने एक्टिंग से ब्रेक ले लिया. 18 फरवरी 2016 में एक्ट्रेस ने दूसरे बेटे इवार को जन्म दिया. इस समय कांची हैपिली मैरिड लाइफ जी रही हैं.
इन फिल्मों में नजर आईं कांची कौल
बता दें कि कांची ने अपने करियर की शुरुआत साल 2001 में आई फिल्म ‘संपंगी’ से की थी. इसके बाद एक्ट्रेस ने ‘चेप्पलानी वुंधी’, ‘फैमिली सर्कस’, ‘ईदी मां अशोकगाड़ी लव स्टोरी’ और ‘शिव राम राजू’ जैसी फिल्मों में काम किया. वो गोविंदा की फिल्म ‘प्यार दीवाना होता है’ में कैमियो भी कर चुकी हैं. कांची की आखिरी फिल्म ‘वो तेरा नाम था’ है, जो 2004 में आई थी.

2005 में रखा टीवी की दुनिया में कदम
साल 2005 में कांची ने टीवी का रुख किया और शो ‘एक लड़की अनजानी सी’ में नजर आईं. इसके बाद उन्होंने ‘भाभी’, ‘मायका’ और ‘एक ननद की खुशियों की चाबी- मेरी भाभी’ जैसे सीरियल्स में काम किया. बता दें कि कांची सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं. वो अक्सर अपनी फैमिली के साथ फोटोज और वीडियोज शेयर करती हैं.
ये भी पढ़ें:- ‘मेरे घमंड का कचूमर बना दिया’, रवि किशन ने की माधुरी दीक्षित की तारीफ, बोले- आप बस इनको निहार सकते हैं
