उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चर्चित आजाद बिंद दूल्हा हत्याकांड में पुलिस ने एक लाख के इनामी रवि यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया. इस मुठभेड़ में लाइन बाजार थाना प्रभारी के हाथ में भी गोली लगी है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है.
जानकारी के मुताबिक ये मुठभेड़ रविवार की रात खेतासराय थाना क्षेत्र के पास हुई. पुलिस को रवि यादव के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी, खबर मिलते ही कई थानों की फोर्स ने खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके में घेराबंदी कर दी. तभी बाइक से दो लोग आते हुए दिखाई पड़े. पुलिस टीम में रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार युवकों ने फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस मुठभेड़ में आरोपी रवि यादव ढेर
बदमाशों की ओर से अचानक हुई फायरिंग में गोली लगने से लाइन बाजार के थाना प्रभारी केके सिंह घायल हो गए. जबकि एक गोली दूसरे पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट में भी लगी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. दोनों तरफ़ से हुई फायरिंग में गोली बदमाश के सीने में गली जा लगी. वहीं, दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला.
पुलिस ने जब पास जाकर देखा तो घायल बदमाश रवि यादव था. जिसके बाद पुलिस आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची लेकिन, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रवि यादव पर पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित था. जौनपुर में बीते दिनों हुए आजाद बिंद हत्याकांड में पुलिस को उसकी तलाश थी.
चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड का था आरोपी
बता दें कि एक मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की खेतासराय थाना क्षेत्र में स्थित मनेछा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने कई लोगों पर कार्रवाई भी की. मुठभेड़ में कई घायल भी हुए. पुलिस को सबसे ज्यादा जिसकी तलाश थी उसमें प्रदीप बिंद, रवि यादव, शोले राजभर मुख्य थे. इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एक-एक लाख रुपये का इनाम भी घोषित किया था.
पुलिस फ़रार आरोपी की तलाश में जुट गई हैं. जिसके बाद पुलिस की ओर से लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है.
