नेपाल में 26 अगस्त को आई भयावह बाढ़ से मची त्रासदी के बाद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. इस आपदा में नेपाल की मदद करने में जुटे भारत ने 35 टन की राहत और बचाव सामग्री से भरी आठवीं खेप भेजी है. यह काठमांडू पहुंच गई है. इसे वहां के मंत्री को सौंप दिया गया है.
भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि राहत और बचाव का सामान लेकर भारत की आठवीं उड़ान काठमांडू पहुंच गई है. इसे नेपाल के मंत्री महाबीर पुन को सौंपा गया है.
अबतक इस आपदा में 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. हजारों लोग अभी भी लापता है.
विदेश मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘भारत अपने राहत और बचाव कार्य जारी रखे हुए है. आईएएफ का आठवां विमान 35 टन राहत और बचाव सामग्री लेकर काठमांडू के लिए रवाना हो गया है. इसमें एनडीआरएफ का सामान, बचाव का सामान, फोरेंसिक सामाग्री और सेना की टीम के लिए जरूरी सामान शामिल हैं.’
भारत, नेपाल को मदद के अपने वादे को दोहराता है: MEA
इससे पहले भारत ने मंगलवार को कहा था कि विनाशकारी बाढ़ के बाद नेपाल में चल रहे रेस्क्यू में मदद करने के लिए अपने वादे को दोहराता है. साथ ही कहाकि ग्राउंड पर जरूरी जरूरतों के आधार पर मदद जारी रखेगा. नई दिल्ली में हर दो हफ्ते में होने वाली प्रेस ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत ने अबतक सात विमानों से 95 टन राहत सामग्री भेजी है. नेपाल के राहत और बचाव कार्यों के लिए फोरेंसिक और टनल रेस्क्यू टीमें तैनात की हैं.
‘हम नेपाल के प्रति एकजुटता-सहानुभूति जाहिर करते हैं’
जायसवाल ने कहा, ‘हमने नेपाल के लोगों और सरकार के प्रति एकजुटता और सहानुभूति जाहिर की है, और हम इस आपदा में उनकी मदद करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं. एक करीबी दोस्त और पड़ोसी के तौर पर, भारत ने तुरंत प्रतिक्रिया दी है और नेपाल के राहत, बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों में मदद जारी रखेगा. हमने सात विमानों से 95 टन राहत सामग्री भेजी है. जल्द ही कुछ और सामग्री भी भेजी जाएगी. हमारी फोरेंसिक टीम और टनल रेस्क्यू टीम, दोनों ही टीमें ज़मीन पर काम कर रही हैं. वे बचाव और राहत कार्यों में मदद कर रही हैं.’
काठमांडू लैब में काम कर रही भारत की फोरेंसिक टीम
इसके आगे उन्होंने बताया, ‘फोरेंसिक टीम अभी काठमांडू की दो लैब में काम कर रही है, जहां वे 1200 DNA सैंपल पर काम कर रहे हैं. हम नेपाल की जरूरत के हिसाब से मदद जारी रखेंगे. जैसा कि मैंने पिछली बार बताया था, इस आपदा में 275 भारतीय नागरिक लापता हैं. अब तक 169 भारतीय नागरिकों को बचाया जा चुका है. जिन 275 लापता भारतीय नागरिकों का मैंने जिक्र किया, उनमें वे 49 लोग भी शामिल हैं जो चीन की तरफ लापता हुए थे. इसके अलावा जायसवाल ने कहा, भारत सरकार आपदा के बाद से ही भारतीय नागरिकों की सक्रिय रूप से मदद कर रही है. उनकी सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने और मदद के लिए भारत, बीजिंग और काठमांडू में 24×7 कंट्रोल रूम बनाए गए हैं.’
