- कांग्रेस ने पूछा, क्या फर्जी दलों को भाजपा का संरक्षण है?
कांग्रेस के संचार विभाग के इनचार्ज, महासचिव और सांसद जयराम रमेश ने काला धन और फर्जी राजनीतिक दलों की तरफ से टैक्स चोरी के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र में सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी, विदेशों से तो काला धन ला नहीं पाए और देशवासियों को अभी तक 15-15 लाख रुपये भी नहीं नहीं मिले हैं, लेकिन अब लगता है कि भाजजा के संरक्षण में देश में ही काले धन को सफेद करने की योजना चल रही है.
X पोस्ट में भड़के कांग्रेस नेता
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार (9 सितंबर, 2026) को इस संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया. पोस्ट में जयराम ने कहा, ‘देश की जनता जानना चाहती है कि फर्जी राजनीतिक दलों के जरिए टैक्स चोरी और काले धन को सफेद करने का मामला सामने आने के बावजूद मोदी सरकार ने टैक्स चोरों और इन फर्जी राजनीतिक दलों पर कार्रवाई क्यों नहीं की?’
विपक्षी दल के नेता का यह बयान कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद शक्ति सिंह गोहिल की तरफ से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद सामने आया है.
प्रधानमंत्री जी, विदेशों से तो काला धन ला नहीं पाए और देशवासियों को अभी तक 15-15 लाख रुपये भी नहीं मिले हैं, लेकिन अब लगता है कि भाजपा के सरंक्षण में देश में ही काले धन को सफेद करने की योजना चल रही है।
देश की जनता जानना चाहती है कि फर्जी राजनीतिक दलों के जरिए टैक्स चोरी और काले…
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) September 9, 2026
टैक्स चोरी के मुद्दे पर बोले जयराम रमेश
रमेश ने कहा, ‘मेरे वरिष्ठ सहयोगी और पूर्व सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने आज नई दिल्ली में प्रेस वार्ता में 3,260 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों (RUPPs) के जरिए 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी का मामला सामने आने के बावजूद दोषियों पर 200% पेनल्टी और आपराधिक मुकदमे की कार्रवाई नहीं होने पर सरकार से सवाल किए हैं.’
उन्होंने कहा, ‘हमें याद है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले एक बेहद अलोकतांत्रिक तरीके से भारत के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए पार्टी के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए थे और भारी-भरकम टैक्स नोटिस भेजे गए थे. तो फिर इन 3,260 फर्जी राजनीतिक दलों और उनसे जुड़े टैक्स चोरी के मामलों की जांच क्यों नहीं हो रही है?’
क्या इन फर्जी दलों को BJP संरक्षण प्राप्त है- जयराम
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने आगे कहा, ‘क्या इसका कारण यह है कि इन फर्जी राजनीतिक दलों को भारतीय जनता पार्टी नेतृत्व का संरक्षण प्राप्त था और ये सरकार की शह पर ही सब घोटाला कर रहे थे? इन 3,260 फर्जी राजनीतिक दलों के पीछे आखिर किस ‘चाणक्य’ का हाथ है? कौन है इस काले खेल का असली सूत्रधार? मोदी सरकार देश को जवाब दे.’
यह भी पढ़ेंः CM विजय ने बनाया नया गठबंधन, कांग्रेस का ऐलान, दक्षिण की राजनीति में भूचाल?
