टीवी की दुनिया में कई ऐसी जोड़ियां बनीं जिन्होंने दर्शकों को खूब हंसाया, लेकिन कृष्णा अभिषेक और सुदेश लहरी की जोड़ी कुछ अलग ही मानी जाती है. दोनों जब भी मंच पर साथ आते हैं, दर्शकों की हंसी रुकती नहीं है. उनकी शानदार कॉमिक टाइमिंग, एक-दूसरे पर मजेदार तंज और देसी अंदाज लोगों को बेहद पसंद आता है. लेकिन इस मशहूर जोड़ी की शुरुआत एक ऐसे मजेदार घटना के साथ हुई थी. ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में खुद कृष्णा अभिषेक ने इस मजेदार कहानी का खुलासा किया था.
कृष्णा अभिषेक ने बदला अपना नाम
30 मई 1983 को मुंबई में जन्मे कृष्णा अभिषेक का असली नाम अभिषेक शर्मा था. उनकी मां अमिताभ बच्चन की बहुत बड़ी फैन थीं. इसी वजह से उन्होंने अपने बेटे का नाम अभिषेक रखा. बाद में फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाने के लिए उन्होंने अपना नाम बदलकर कृष्णा अभिषेक कर लिया. ज्योतिष की सलाह पर उन्होंने अपने नाम की स्पेलिंग भी बदल दी.
कृष्णा का रिश्ता बॉलीवुड एक्टर गोविंदा से है. रिश्ते में गोविंदा उनके मामा लगते हैं. कई इंटरव्यू में कृष्णा हमेशा कहते रहे हैं कि उन्होंने डांस और कॉमेडी का हुनर काफी हद तक अपने मामा से सीखा है. बचपन से ही उन्हें अभिनय और लोगों को हंसाने का शौक था. स्कूल और कॉलेज में वह दोस्तों की मिमिक्री करके सबका मनोरंजन किया करते थे.
फिल्मों से शुरू हुआ करियर
कृष्णा ने अपने करियर की शुरुआत फिल्मों से की थी. उन्होंने हिंदी के अलावा भोजपुरी, तमिल और मराठी फिल्मों में भी काम किया. हालांकि फिल्मों में उन्हें वह सफलता नहीं मिली, जिसकी उम्मीद थी. इसके बाद उन्होंने टीवी की ओर रुख किया और यही फैसला उनकी जिंदगी बदल गया.
ऐसे शुरू हुई कृष्णा अभिषेक और सुदेश लहरी की दोस्ती
‘कॉमेडी सर्कस’ में आने के बाद कृष्णा की किस्मत चमक गई. यहां उनकी कॉमिक टाइमिंग को लोगों ने खूब पसंद किया. इसी शो में उनकी मुलाकात सुदेश लहरी से हुई और दोनों की जोड़ी सुपरहिट बन गई. ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में कृष्णा अभिषेक ने शो के होस्ट और एक्टर अभिताभ बच्चन से इस जोड़ी के बनने के पीछे की कहानी का खुलासा किया था.
उन्होंने बताया था कि एक दिन शूटिंग से ठीक पहले उनके साथ काम करने वाला कलाकार अचानक उन्हें छोड़कर चला गया. उसी समय सुदेश लहरी का भी अपने साथी के साथ झगड़ा हो गया. तब शो के लोगों ने सोचा कि क्यों न दोनों को साथ लाया जाए. बस यहीं से कृष्णा और सुदेश की जोड़ी बनी और धीरे-धीरे यह जोड़ी घर-घर में मशहूर हो गई.
इसके बाद कृष्णा ने ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’, ‘द कपिल शर्मा शो’ और ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ जैसे बड़े शोज में काम किया. सपना के किरदार में उनकी कॉमेडी को लोगों ने बेहद पसंद किया. वहीं सुदेश लहरी के साथ उनकी जुगलबंदी आज भी दर्शकों की पसंद बनी हुई है.
ये भी पढ़ेंः रणवीर सिंह नहीं इस एक्टर को किया गया था ‘धुरंधर’ के लिए सबसे पहले कास्ट, बोले- ‘मुझे चार साल पहले ही….
कृष्णा अभिषेक की पर्सनल लाइफ
कृष्णा अभिषेक ने एक्ट्रेस कश्मीरा शाह से शादी की. दोनों की जोड़ी भी टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर जोड़ियों में गिनी जाती है. आज कृष्णा टीवी की दुनिया के सबसे बड़े कमीडियनों में गिने जाते हैं.
