Headlines

अब क्या महंगाई डायन डार्लिंग बन गई है? घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने पर भड़की AIMIM


देश भर में घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद आम जनता को एक बार फिर से महंगाई का झटका लगा है. अब घरेलू LPG सिलेंडर के दाम बढ़ने पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के नेता शादाब चौहान ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इसे आम जनता पर “कहर” बताया और कहा कि विश्व गुरु बनने का दंभ रखने वाली सरकार अब लोगों पर महंगाई का बोझ लाद रही है.

AIMIM नेता शादाब चौहान ने कहा, “थोड़े से गैस के दाम बढ़ने पर स्मृति ईरानी समेत तमाम बीजेपी नेता सड़कों पर उतर जाते थे. अब क्या महंगाई डायन उनके लिए डार्लिंग बन गई है?” उन्होंने सवाल किया कि जब क्रूड ऑयल के दाम अंतरराष्ट्रीय बाजार में घट रहे हैं, तब भी कंपनियां गैस के दाम क्यों बढ़ा रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने मित्र “धन्नासेठों” को कमाई का मौका देने के लिए आम जनता का गला घोंट रही है.

“80 करोड़ को राशन देने वाली सरकार गैस महंगा कर रही है”

चौहान ने कहा, “80 करोड़ लोगों को राशन देने का वादा करने वाली सरकार अब गैस के दाम बढ़ा रही है. फिर लोग राशन बनाएंगे कैसे?” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार महंगाई की मार बढ़ा रही है, जो जनता के साथ अत्याचार है.

“लोग दो वक्त की रोटी के लिए गिड़गिड़ाएं, बस यही चाहती है सरकार”

AIMIM नेता ने कहा कि सरकार जानबूझकर जनता को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की मांग करने लायक नहीं छोड़ना चाहती. उन्होंने दावा किया कि सरकार का षड्यंत्र है कि लोग बस दो वक्त की रोटी के लिए गिड़गिड़ाते रहें और कहें कि “बस दो वक्त की रोटी दे दीजिए, हम खुश हैं.”

AIMIM महंगाई के खिलाफ लगातार आवाज उठाएगी

शादाब चौहान ने कहा कि AIMIM पार्टी महंगाई के खिलाफ लगातार आवाज उठाती रहेगी और जनता के हितों की लड़ाई लड़ेगी. यह बयान ऐसे समय में आया है जब लखनऊ समेत कई शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 979.50 रुपये हो गई है, जो पहले 950.50 रुपये थी.

धीरेंद्र शास्त्री फैलाते हैं नफरत- शादाब

शादाब चौहान ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के हालिया बयान पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री पर समाज में द्वेष फैलाने का षणयंत्र रचने का आरोप लगाया. कहा कि धार्मिक चोला पहनकर समाज में द्वेष फैलाना अनुचित है. ये नफरत फैलाने की मशीन हैं. इनका लक्ष्य भारत की पहचान और संप्रभुता को खत्म करना है. फ्रेंड जिहाद वाले बयान पर AIMIM नेता ने कहा कि आजादी के वक्त महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस के साथ जिन मुसलमानों ने मिलकर लड़ाई लड़ी वो फ्रेंड जिहाद था? अगर था तो ऐसी आवश्यकता हमेशा रहेगी. धीरेंद्र शास्त्री हमेशा भेदभाव की बात करते हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *