उत्तर प्रदेश के कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आज मंगलवार (24 नवंबर) की सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार ट्रक ने एक खड़ी स्कूल बस को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 बच्चे घायल हो गए. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया.
यह घटना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया के पास 209 किलोमीटर के प्वाइंट पर हुई. जहां तेज रफ़्तार ट्रक ने स्कूली बस को टक्कर मार दी. इस हादसे के बाद चीख पुकार मच गई. जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को तत्काल तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
मथुरा से कौशांबी लौट रही थी बस
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के मुताबिक, कौशांबी से करीब 50 बच्चों और स्कूल स्टाफ को लेकर बस मथुरा से लौट रही थी. इसी दौरान आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी. इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई और कई बच्चे घायल हो गए.
ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने के मामले में एक्शन, CO सदर पर गिरी गाज
इस हादसे में स्कूल के प्रधानाचार्य और एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है. दोनों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि अन्य घायल बच्चों का तिर्वा मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है. परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है. पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है.
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लिया है. उन्होंने हादसे में बच्चों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मृतक बच्चों के परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है. मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है.
