गुरुग्राम में मॉनसून की पहली तेज बारिश ने ही शहर की तैयारियों की पोल खोल दी. कुछ घंटों की बारिश के बाद ही साइबर सिटी की सड़कें पानी से भर गईं और पूरा शहर ट्रैफिक जाम की गिरफ्त में आ गया. दिल्ली-जयपुर हाईवे, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, सेक्टर-15 और एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन समेत कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हजारों लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा.
कैबिनेट मंत्री के घर के बाहर भी जलभराव
सबसे चौंकाने वाली तस्वीरें उस समय सामने आईं जब गुरुग्राम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के आवास के बाहर सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर गया. जलभराव इतना ज्यादा था कि कई गाड़ियां गड्ढों में धंस गईं. इन तस्वीरों ने प्रशासन के उन दावों पर सवाल खड़े कर दिए, जिनमें बारिश से पहले सभी तैयारियां पूरी होने की बात कही गई थी.
गुरुग्राम में शादी के 3 महीने बाद ही प्रेमिका संग मिलकर की थी पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
हाईवे और सर्विस लेन पर रेंगते रहे वाहन
बारिश के बाद गुरुग्राम-दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. राजीव चौक फ्लाईओवर और एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर वाहन रेंगते नजर आए. ऑफिस से घर लौट रहे लोगों को सामान्य से कई गुना अधिक समय लगा. शहर के अंदर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर भी वाहनों की लंबी लाइनें देखने को मिलीं.
पानी में उतरकर ट्रैफिक संभालती दिखी पुलिस
हीरो होंडा चौक अंडरपास में भारी जलभराव होने के बाद ट्रैफिक पूरी तरह प्रभावित हो गया. स्थिति संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान बारिश के पानी में उतरकर खुद वाहनों को निकलवाते नजर आए.
राजीव चौक और सेक्टर-15 जैसे इलाकों में भी पुलिस लगातार ट्रैफिक सामान्य करने की कोशिश करती रही, लेकिन भारी जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी.
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी लगातार बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर पहली तेज बारिश में ही गुरुग्राम की यह स्थिति हो गई, तो लगातार बारिश के दौरान हालात कितने गंभीर हो सकते हैं.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर पुलिस एनकाउंटर में ढेर, हांसी जिम संचालक हत्याकांड में थे शामिल
लोगों का कहना है कि जलनिकासी की व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो शहर में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या और भी बड़ी चुनौती बन सकती है. प्रशासन के लिए अब सबसे बड़ी परीक्षा यही है कि वह आने वाले दिनों में इन समस्याओं से कैसे निपटता है.
