टीवी सीरियल ‘कहीं तो होगा’ में ‘कशिश’ का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस आमना शरीफ इन दिनों चर्चा में हैं. आज 16 जुलाई को आमना अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं, हालांकि पिछले महीने वो अपने पूरे परिवार के साथ प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन के लिए यूरोप पहुंचीं. वहां उन्होंने फ्रांस और स्विट्जरलैंड जैसी खूबसूरत जगहों पर समय बिताया और अपने ट्रिप को खास बनाया. लेकिन यूरोप में बहुत ज्यादा गर्मी है, जिसपर आमना ने खुलकर बात की और अपने ट्रिप के बारे में बताया.
कैसा रहा यूरोप का ट्रिप?
हाल ही में एचटी सिटी से बातचीत में आमना ने कहा, ‘मुझे पहले से पता था कि वहां हीटवेव चल रही है, लेकिन सिर्फ मौसम के बारे में जानने से आप खुद को तैयार नहीं कर सकते. जब हम वहां पहुंचे, तो शुरू के 2 दिनों में लगा कि अपने बॉडी को भी समझना चाहिए कि ये झेल सकता है या नहीं और ऐसे में जो हमने प्लान किया था, वो पूरा करना मुश्किल था.’
बदलना पड़ा प्लान
उन्होंने आगे कहा, ‘गर्मी की वजह से जो हमने प्लान किया था, उसमें चेंज करना पड़ा. हम घूमने के बीच में ब्रेक लिया करते थे, ठंडी कॉफी और जेलाटो एंजॉय करते रहे. हम सुबह में जल्दी और शाम में घूमने निकलते थे और सेहत का पूरा ध्यान रखते थे. फ्रांस हमेशा से अपने खाने और खूबसूरत जगहों के लिए जाना जाता है. वहीं स्विट्जरलैंड भी बहुत खूबसूरत है, मानो किसी पोस्टकार्ड की तस्वीर हो.’
आमना का करियर
बता दें कि आमना ने अपने करियर की शुरुआत साल 2002 में सिंगर कुमार सानू के म्यूजिक वीडियो ‘दिल का आलम’ से की थी. इसके बाद 2003 में उन्होंने टीवी सीरियल ‘कहीं तो होगा’ में कदम रखा, जिसमें उनके किरदार को बहुत पसंद किया गया और उन्हें घर-घर पहचान मिली. इसके बाद वो ‘होंगे जुड़ा न हम’, ‘कसौटी जिंदगी की’ और ‘एक थी नायिका’ जैसे सीरियल में नजर आईं.
सिर्फ सीरियल ही नहीं, उन्होंने ‘आधा इश्क’ और ‘डैमेज्ड 3’ वेब सीरीज में भी काम किया है. वहीं ‘आलू चाट’, ‘आओ विश करे’, ‘शक्ल पे मत जा’, ‘एक विलेन’ और ‘रूही’ जैसी फिल्मों में भी शानदार अभिनय कर चुकी हैं.
