राजस्थान में करीब दो सप्ताह के सूखे के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर से पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के पूर्वी हिस्से के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहने की संभावना है.
मौसम विभाग द्वारा मंगलवार (21 जुलाई) को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है:
- सीकर: सर्वाधिक 10 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.
- झुंझुनूं (नवलगढ़): 9 सेंटीमीटर बारिश.
- बारां (शाहाबाद): 8 सेंटीमीटर बारिश.
धौलपुर (बाड़ी और बसेड़ी) व झुंझुनूं: 7-7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, धौलपुर और बारां जिलों के कुछ स्थानों पर भी भारी से अत्यधिक भारी वर्षा हुई है.
Dholpur News: 16 साल के नाबालिग की हत्या, जंगल में पत्थरों से कुचला मिला शव, ग्रामीणों का सड़क जाम
अगले 5 दिनों का अलर्ट: क्यों हो रही है बारिश?
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तर-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे क्षेत्रों के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है. साथ ही, मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से गुजर रही है. इसके प्रभाव से 22 से 26 जुलाई के बीच कोटा, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकतर क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
सीकर में भारी बारिश से जलभराव, ट्रेनें रद्द
सोमवार (21 जुलाई) देर रात शुरू हुई तेज बारिश ने सीकर शहर की रफ्तार रोक दी है. शहर में जलभराव के कारण गंभीर स्थिति बन गई है. पुलिस लाइन और जिला कलेक्ट्रेट परिसर के आवासीय क्षेत्रों में पानी भर गया है. शहर की कई मुख्य सड़कों पर तीन से चार फुट तक पानी जमा हो गया है, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. रेलवे यार्ड में पानी भरने के कारण रेल सेवाएं भी बाधित हुई हैं. उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार, सीकर-रेवाड़ी और रेवाड़ी-जोधपुर ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करना पड़ा है.
राजस्थान में अभी भी बारिश की कमी बरकरार
भले ही मानसून सक्रिय हो गया हो, लेकिन राज्य के जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 20 जुलाई तक राजस्थान में सामान्य से 20.25 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. राज्य अभी भी ‘वर्षा की कमी’ (Deficit Rainfall) की श्रेणी में बना हुआ है. जयपुर, बांसवाड़ा और उदयपुर सहित 24 जिलों में अभी भी बारिश की कमी (-20 से -59 प्रतिशत) है. 15 जिलों में सामान्य वर्षा हुई है, जबकि केवल बीकानेर और चूरू जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है.
