Headlines

‘देश में फिर दिखे कोविड के मामले’, केरल और आंध्र प्रदेश में मरीजों की स्थिति पर स्वास्थ्य मंत्रालय का बयान


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, मौजूदा स्थिति चिंताजनक नहीं, निगरानी जारी।

देश के कुछ राज्यों में कोविड-19 के नए मामले सामने आए हैं, लेकिन फिलहाल संक्रमण सीमित दायरे में है और व्यापक फैलाव जैसी स्थिति नहीं दिख रही है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, 1 जुलाई से अब तक देश में 339 सक्रिय मरीज दर्ज किए गए हैं, इनमें सबसे अधिक 115 सक्रिय मामले केरल में हैं. वहीं, आंध्र प्रदेश में पिछले तीन सप्ताह के दौरान 12 नए संक्रमण और 4 मौतें दर्ज होने के बाद वहां स्वास्थ्य विभाग ने सर्विलांस और सैंपलिंग तेज कर दी है.

आंध्र प्रदेश में कोविड को लेकर बढ़ी निगरानी

आंध्र प्रदेश में कोविड से चार लोगों की मौत की खबर के बाद लोगों की चिंता बढ़ी है. अधिकारियों के मुताबिक, संक्रमित मरीज अलग-अलग इलाकों से सामने आए हैं और अब तक इनके बीच किसी एक संक्रमण श्रृंखला का पता नहीं चल पाया है. इसी वजह से मरीजों के नमूनों को महाराष्ट्र के पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संक्रमण किस वैरिएंट से जुड़ा है.

विशेषज्ञों के मुताबिक, मानसून के दौरान कोविड-19 के साथ-साथ इन्फ्लुएंजा और H1N1 के मामलों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है. ऐसे में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने और डॉक्टर से सलाह लेने की सलाह दी जा रही है. 

मामले पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्या कहा?

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, केंद्र सरकार देशभर में कोविड की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. सूत्रों का कहना है कि मौजूदा हालात चिंता पैदा करने वाले नहीं हैं. कोविड के इक्का-दुक्का मामले समय-समय पर विभिन्न राज्यों से सामने आते रहते हैं और फिलहाल भी स्थिति इसी तरह की है. मंत्रालय राज्यों के साथ लगातार संपर्क में है और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाए हुए है. 

यह भी पढ़ेंः ‘सेकेंड क्लास बोगियां होती हैं, यात्री नहीं…’, सुप्रीम कोर्ट ने क्यों लगा दी भारतीय रेलवे की क्लास, क्या था मामला?





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *