कांग्रेस सांसद शशि थरूर शुक्रवार (17 जुलाई 2026) की शाम तिरुवनंतपुरम के एक निजी होटल में लिफ्ट खराब होने के कारण कुछ समय के लिए फंस गए. उनके साथ लिफ्ट में आठ अन्य लोग भी मौजूद थे. बाद में फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, शशि थरूर रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के इंस्टॉलेशन समारोह में शामिल होने के लिए होटल पहुंचे थे. इसी दौरान होटल की लिफ्ट अचानक बंद हो गई और उसमें मौजूद सभी लोग अंदर फंस गए.
तिरुवनंतपुरम फायर स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक, शाम 7:37 बजे सूचना मिली कि एक होटल की लिफ्ट में कांग्रेस सांसद शशि थरूर समेत कई लोग फंस गए हैं. सूचना मिलते ही फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की एक टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई. फायर टीम के पहुंचने से पहले होटल के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने लिफ्ट के दरवाजे खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की. कुछ लोगों ने लोहे की रॉड की मदद से दरवाजा खोलने का प्रयास भी किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली.
Half an hour in the lift was not a major problem, though it did make me unconscionably late for my next two appointments, one with a Minister calling on me! But I would wish to add a huge thank-you, and my highest appreciation, for the speed, efficiency and capability of the… https://t.co/9e800hEGiv
— Shashi Tharoor (@ShashiTharoor) July 17, 2026
ये भी पढ़ें: Vikram-1 Launched: भारत ने रचा इतिहास, श्रीहरिकोटा से पहला प्राइवेट रॉकेट लॉन्च, विक्रम-1 ने भरी ऐतिहासिक उड़ान
सीनियर फायर एंड रेस्क्यू अधिकारी ने क्या बताया?
सीनियर फायर एंड रेस्क्यू अधिकारी जितेश बाबू ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि लिफ्ट के अंदर करीब नौ लोग फंसे हुए हैं. टीम मौके पर पहुंची और देखा कि दरवाजे को थोड़ा खोलने की कोशिश की गई थी. इसके बाद बचाव दल ने हाइड्रोलिक स्प्रेडर मशीन की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की टीम ने शाम करीब 7:51 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया. जांच में पता चला कि लिफ्ट अपनी निर्धारित मंजिल तक पहुंचने से पहले ही बीच में रुक गई थी, जिसके कारण लोग अंदर फंस गए.
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर मुस्कुराए
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर मुस्कुराते हुए दिखाई दिए. उन्होंने बचाव दल का धन्यवाद करते हुए कहा, “आप सभी का धन्यवाद. आपने बहुत अच्छा काम किया है.” जब अधिकारियों ने उनसे पूछा कि क्या वह ठीक हैं तो उन्होंने बताया कि लिफ्ट के अंदर मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. बाद में शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने लिखा कि लिफ्ट में लगभग आधा घंटा फंसे रहना कोई बड़ी समस्या नहीं थी, हालांकि इसकी वजह से उनकी अगली दो निर्धारित मुलाकातों में देरी हो गई. उन्होंने केरल फायर एंड रेस्क्यू सर्विस की तेज कार्रवाई, दक्षता और पेशेवर कामकाज की जमकर सराहना की.
ये भी पढ़ें: श्रीहरिकोटा से Vikram-1 की सफल लॉन्चिंग पर PM मोदी ने किया फोन, वैज्ञानिकों को दी बधाई, जानें और क्या कहा?
