अमिताभ बच्चन का पॉपुलर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ अपने 18वें सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है. इस बार शो ‘सोचना पड़ेगा’ थीम के साथ आएगा, जिसमें सिर्फ सही जवाब देना ही नहीं, बल्कि सोच-समझकर फैसला लेने और ज्ञान को सही तरीके से इस्तेमाल करने पर भी जोर दिया जाएगा.
KBC के सीजन 18 में होगाा बदलाव
मेकर्स ने हाल ही में तीन नए प्रोमो भी जारी किए हैं. इन प्रोमो में दिखाया गया है कि समय के साथ लोगों के ज्ञान हासिल करने का तरीका कैसे बदला है और इस सीजन का मेसेज साफ है. कई बार सही जवाब देने से पहले ‘सोचना पड़ेगा.’
पहले प्रोमो में अमिताभ बच्चन कहते हैं, ‘आजकल जवाब हर जगह मिल जाता है, यहां तक कि आपकी जेब में भी… यानी आपके फोन पर. इसलिए इस बार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में हमने थोड़ा बदलाव किया है. सिर्फ जवाब याद रखने से काम नहीं चलेगा, उस जवाब तक पहुंचने के लिए आपको सोचना पड़ेगा. जी हां… ‘सोचना पड़ेगा’.
वहीं, दूसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन बताते हैं कि इस बार सिर्फ किताबों का ज्ञान काफी नहीं होगा. वो कहते हैं, ‘भूगोल, इतिहास और विज्ञान का ज्ञान इस बार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में काफी नहीं होगा, क्योंकि अब खेल बदल गया है. केवल उत्तर याद रखने से काम नहीं चलेगा… ‘सोचना पड़ेगा’. जी हां.
जवाब देने से पहले ‘सोचना पड़ेगा’
तीसरे प्रोमो में अमिताभ बच्चन बदलती तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का जिक्र करते हुए कहते हैं, ‘आज AI ने दुनिया को बदल दिया है और ये बदलाव रुकने वाला नहीं है. जो कल तक नामुमकिन लगता था, वो आज पल भर में मुमकिन हो जाता है. ऐसे में इस बदलती दुनिया के साथ हमें भी बदलना होगा. इसलिए इस बार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में भी हमने बदलाव किया है. अब जवाब देने से पहले आपको… हां… ‘सोचना पड़ेगा’.
कब और कहां देखें कौन बनेगा करोड़पति?
बता दें, अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया गया ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ 10 अगस्त से रात 9 बजे शुरू होगा. शो के नए एपिसोड हर सोमवार से शुक्रवार सोनी टीवी और सोनी लिव पर टेलीकास्ट किए जाएंगे.
