Headlines

गोंडा: चलती ट्रेन में महिला ने दिया नवजात को जन्म, स्टेशन पर 20 मिनट रुकी रही बिहार संपर्क क्रांति


दिल्ली से दरभंगा जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में गुरुवार (23 जुलाई) की रात एक महिला ने चलती ट्रेन में नवजात को जन्म दिया. ट्रेन के स्लीपर कोच संख्या-4 में हुई इस घटना के बाद यात्रियों, जीआरपी, रेलवे प्रशासन और डॉक्टरों की तत्परता से जच्चा और नवजात को सुरक्षित गोंडा जिला अस्पताल भेजा गया.

मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के मधुबनी का रहने वाला परिवार दिल्ली से दरभंगा की यात्रा कर रहा था. इस बीच रात करीब 9 बजे महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हुई. ट्रेन में मौजूद अन्य महिला यात्रियों ने तत्काल मदद के लिए आगे आकर प्रसव कराया. यात्रियों के अनुसार, रात 10:26 बजे महिला ने एक स्वस्थ नवजात को जन्म दिया. उस समय ट्रेन बादशाहनगर जंक्शन और गोंडा जंक्शन के बीच चल रही थी.

रेलवे प्रशासन हुआ सक्रिय

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया. ट्रेन के रात 11:10 बजे गोंडा जंक्शन पहुंचने से पहले ही रेलवे की मेडिकल टीम स्टेशन पर पहुंच गई. डॉक्टरों ने मां और नवजात की प्राथमिक जांच की. जांच के दौरान पाया गया कि नवजात सामान्य रूप से रो नहीं रहा था. ऐसे में डॉक्टरों ने दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी और आगे ट्रेन से यात्रा को जोखिम भरा बताया.

20 मिनट तक रुकी रही ट्रेन

इसके बाद रेलवे प्रशासन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए करीब 20 मिनट तक ट्रेन को गोंडा स्टेशन पर रोके रखा. एंबुलेंस की व्यवस्था कर जच्चा, नवजात और उनके परिवार को आगे के इलाज के लिए गोंडा जिला अस्पताल भेज दिया गया.

त्वरित कार्रवाई से मिली मेडिकल हेल्प

पूरे घटनाक्रम के दौरान ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया, जबकि जीआरपी, रेलवे प्रशासन और मेडिकल टीम की त्वरित कार्रवाई से समय रहते मां और नवजात को चिकित्सकीय सहायता मिल सकी.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *