सफलता कैसी भी हो उसके पीछे हमेशा छिपा हुआ रहता है कड़ा संघर्ष. ‘मुसाफिर कैफे’ वेब सीरीज की एक्ट्रेस महिमा मकवाना भी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर आज स्टार बन चुकी हैं. बचपन में काफी तंगी झेलने वाली 26 साल की महिमा की एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं थी. उनकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, लेकिन मां के कहने पर वो एक्टिंग फील्ड में आईं. टीवी सीरियल्स के जरिए पहचान बनाई. फिर फिल्मों में भी एंट्री की और अब मुसाफिर कैफे से वो हर किसी के दिल पर राज कर रही हैं.
5 महीने की उम्र में पिता को खोया, चॉल में रहीं
महिमा मकवाना का जन्म 5 अगस्त 1999 को मुंबई में हुआ था. जब वो पांच महीने की थी तभी उनके पिता का निधन हो गया था. उनकी मां एक एनजीओ में काम करती थीं. महिमा का बचपन चॉल में बीता है.
9 साल की उम्र में देने लगी थीं ऑडिशन
साल 2021 में रणवीर इलहाबादिया को दिए इंटरव्यू में महिमा ने बताया था कि उनकी मां एक्ट्रेस बनना चाहती थीं, हालांकि घर की जिम्मेदारियों के चलते वो ऐसा नहीं कर पाईं. ऐसे में कम उम्र में ही महिमा को उनकी मां ने एक्ट्रेस बनने के लिए कह दिया था, जबकि महिमा की एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं थी. मां की बदौलत और घर के हालात को देखते हुए महिमा ने 9 साल की उम्र में ही ऑडिशन देना शुरू कर दिया था.
महिमा ने कहा था, ‘मुझे एक्टिंग में कोई दिलचस्पी नहीं थी, मैं मां से कहा भी करती थी. जब मैं 9 साल की थी तो ऑडिशन देने लगी थी. आधे दिन स्कूल जाती थी और फिर बस से ऑडिशन के लिए जाया करती थी और फिर थक-हार कर वापस घर आ जाती थी. मेरे एक्टिंग में आने की सबस बड़ी वजह यही थी कि मैं अपने परिवार को सपोर्ट करना चाहती थी.’

14 की उम्र में खरीदा पहला घर
एक दिन महिमा से उनकी मां ने कहा था कि वो इस दुनिया से जाने से पहले अपना घर खरीदना चाहती हैं. महिमा ने मां के इस सपने को सिर्फ 14 साल की उम्र में पूरा कर दिया था. उन्होंने बताया था कि 14 साल की उम्र में मैंने अपना पहला घर मीरा रोड पर खरीदा था. बता दें कि अब महिमा के पास एक और घर है. एक्ट्रेस ने साल 2025 में मां के जन्मदिन पर मुंबई में अपना दूसरा घर खरीदा था.

टीवी शो से बनाई पहचान, बॉलीवुड में भी किया काम
साल 2012 के जी टीवी के शो ‘सपने सुहाने लड़कपन के’ से महिमा को खास और बड़ी पहचान मिली थी. इसमें उन्होंने रचना नाम का किरदार निभाया था. इसके पहले उन्होंने बालिका वधू में भी काम किया था. महिमा ने मोहे रंग दे, रिश्तों का चक्रव्यूह, अधूरी कहानी हमारी और शुभारंभ जैसे टीवी सीरियल्स में भी काम किया है. वहीं साल 2021 में वो सलमान खान और आयुष शर्मा के साथ फिल्म ‘अंतिम द फाइनल ट्रुथ’ में भी नजर आई थीं.

फिलहाल 26 साल की महिमा मकवाना नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज मुसाफिर कैफे से दर्शकों का दिल जीत रही हैं. 24 जुलाई को रिलीज हुई इस सीरीज में वो प्रीति नाम के किरदार में नजर आ रही हैं. उनके अभिनय को काफी पसंद कर रहे हैं. छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे और अब ओटीटी पर भी वो अपनी छाप छोड़ चुकी हैं. इस सीरीज में उनके साथ बॉलीवुड एक्टर विक्रांत मैसी अहम किरदार में नजर आ रहे हैं. वहीं इसका हिस्सा वेदिका पिंटो, आदिल हुसैन, सादिया सिद्दीकी और राजीव सिद्धार्थ जैसे कलाकार भी हैं.
अब हैं करोड़ों की दौलत

कभी चॉल में रहने वाली और ऑडिशन के लिए दर-दर भटकने वाली महिमा मकवाना ने कम उम्र में न सर्फ बहुत शोहरत कमाई है, बल्कि उन्होंने अच्छी खासी दौलत भी कमा ली है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दो घरों वाली ये एक्ट्रेस अब करीब 10 करोड़ रुपये की सम्पत्ति की मालकिन हैं. मुसाफिर कैफे के लिए एक्ट्रेस ने 2 से 3 करोड़ रूपये के बीच फीस ली है. उनकी कमाई एक्टिंग के अलावा ब्रांड एंडोर्समेंट और सोशल मीडिया के जरिए भी होती है.
