पाकिस्तान ने भारत के साथ लगी सीमा पर चीनी 250 SH-15 ट्रक-माउंटेड सेल्फ-प्रोपेल्ड होवित्जर आर्टिलरी सिस्टम तैनात किए हैं. सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी आर्मी ने भारत के साथ अपनी पूर्वी सीमा पर उत्तर से दक्षिण तक फैले अहम सेक्टरों में 155mm की इन तोपों को व्यवस्थित तरीके से तैनात करना शुरू कर दिया है.
रिपोर्ट के मुताबिक टॉप इंटेलिजेंस सूत्रों ने बताया कि यह कदम ऐसे वक्त में उठाया गया है, जब पाकिस्तान अपनी सेना को आधुनिक बनाने की कोशिश कर रहा है. यह कोशिश मई 2025 में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद से जारी है. चीन की सरकारी डिफेंस कंपनी NORINCO द्वारा बनाया गया SH-15 आर्टिलरी सिस्टम, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के PCL-181 व्हील्ड सेल्फ-प्रोपेल्ड होवित्जर का एक्सपोर्ट वर्जन है. 6×6 आर्मर्ड शानक्सी ट्रक चेसिस पर लगे इस सिस्टम को तेजी से तैनात करने और आसानी से कहीं भी ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है. यह सड़क पर 90 kmph तक की रफ़्तार से चल सकता है और मुश्किल इलाकों में भी तेजी से अपनी जगह बदल सकता है.
155mm/52-कैलिबर वाला यह आर्टिलरी प्लेटफ़ॉर्म NATO-कम्पैटिबल स्टैंडर्ड गोला-बारूद से लगभग 30-40 किमी दूर तक निशाना साध सकता है, जबकि रॉकेट-असिस्टेड V-LAP प्रोजेक्टाइल से 53 से 72 किलोमीटर दूर तक टारगेट को निशाना बना सकता है. इसमें ऑटोमेटेड फायर-कंट्रोल सिस्टम और हाइड्रोलिक स्टेबिलाइजिंग स्पेड्स भी लगे हैं, जिनकी मदद से क्रू तेजी से इसे तैनात कर सकता है, प्रति मिनट 6 राउंड तक फायर कर सकता है और दुश्मन के काउंटर-बैटरी सिस्टम के जवाब देने से पहले ही अपनी जगह बदल सकता है.
चीन-पाकिस्तान के रक्षा संबंध
हाल ही में हुई यह डिलीवरी इस्लामाबाद और बीजिंग के बीच बढ़ती रक्षा साझेदारी को दिखाती है, जो पिछले एक दशक में लगातार बढ़ी है. हथियारों के लेन-देन के अलावा, चीन और पाकिस्तान ने आपसी तालमेल नेटवर्क-आधारित कमांड-एंड-कंट्रोल क्षमताओं और संयुक्त सैन्य अभियानों को बेहतर बनाने के मकसद से संयुक्त सैन्य अभ्यास भी बढ़ाए हैं.
क्या बोले आसिम मुनीर
रावलपिंडी के जनरल हेडक्वार्टर में शनिवार को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की स्थापना की 99वीं वर्षगांठ मनाई गई. इस दौरान पाकिस्तान के चीफ ऑफ़ डिफेंस फोर्सेज़ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने पाकिस्तान और चीन के रिश्तों को अनोखा, समय की कसौटी पर खरा उतरने वाला और बदलती क्षेत्रीय व वैश्विक चुनौतियों के बावजूद मजबूती से कायम रहने वाला बताया.
ये भी पढ़ें
‘खुद खत्म की दोस्ती’, सिंधु जल संधि को लेकर भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा
