टीवी शोज में आने वाले एपिसोड्स में जबरदस्त ट्विस्ट और ड्रामा देखने को मिलने वाला है. कहीं रिश्तों में बढ़ती दूरियां कहानी को नया मोड़ देंगी, तो कहीं बड़े खुलासे से घर का माहौल बदल जाएगा. जानिए ‘अनुपमा’, ‘वसुधा’, ‘गंगा माई की बेटियां’, ‘तुम से तुम तक’ और ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के एपिसोड में क्या खास होने वाला है.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में कॉम्पिटिशन और परिवार के बीच चल रहा ड्रामा देखने को मिलेगा. शो में अनुपमा एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित करती नजर आएगी. नए टास्क के दौरान अनुपमा ने माही की जगह टीम में शामिल होकर पूरा गेम बदल दिया है. अनुपमा के इस फैसले के बाद मुकाबले में बड़ा उलटफेर देखने को मिलेगा और शाह हाउस में खुशी का माहौल बन जाएगा. वहीं, इस जीत का असर प्रेम और राही के रिश्ते पर भी पड़ेगा. कॉम्पिटिशन के दौरान प्रेम काफी गुस्से और तनाव में नजर आएगा, जिससे दोनों के बीच दूरियां और बढ़ सकती हैं.
‘वसुधा’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘वसुधा’ के आने वाले एपिसोड में बड़ा ड्रामा देखने को मिलेगा. कहानी वसुधा की प्रेग्नेंसी को लेकर फैली गलतफहमी के इर्द-गिर्द घूमेगी. घर के लोगों को गलतफहमी हो जाती है कि वसुधा मां बनने वाली है, लेकिन सच्चाई कुछ और ही है. इस बात से परेशान वसुधा छोटी साहेब को बताती है कि सभी लोग गलत समझ रहे हैं और वो इस झूठ को आगे नहीं बढ़ाना चाहती. वसुधा फैसला करती है कि वो दादी सा के पास जाकर पूरा सच बता देगी. वो ये भी खुलासा करना चाहती है कि चंद्रिका ने उसे कभी दिल से अपनी बड़ी बहू के रूप में स्वीकार नहीं किया और प्रेग्नेंसी की खबर पूरी तरह गलत है.
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी को शो ‘गंगा माई की बेटियां’ में सिद्धू की खीर में दालचीनी मिलने के बाद उसकी हालत बिगड़ जाती है और वो बेहोश हो जाता है. इस पूरे मामले का आरोप स्नेहा पर लगा दिया जाता है. स्नेहा अपनी बेगुनाही साबित करने की कोशिश करती है, लेकिन दुर्गावती उसकी एक बात सुनने को तैयार नहीं होती और गुस्से में उसे चुप करा देती है. असली गुनहगार पूर्वी होने के बावजूद स्नेहा को इस मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. दूसरी तरफ, इस पूरे विवाद का असर गंगा के कुकिंग कॉम्पिटिशन के सफर पर भी पड़ेगा और उसकी मुश्किलें बढ़ती नजर आएंगी.
ये भी पढ़ें:-‘महीने में 5-6 बार साथ सोना होगा,’ मदद के नाम पर बूढे शख्स ने आकांक्षा चौधरी से की थी गंदी डिमांड
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ में आर्या के पछतावे और मीरा की साजिश से कहानी में बड़ा मोड़ आने वाला है. खान बाबा आर्या को एक ऐसा सच बताते हैं, जिसे सुनकर वो अंदर से टूट जाएगा. उन्हें एहसास होता है कि अगर वो समय रहते कोशिश करते तो राजनांदिनी की जान बचाई जा सकती थी. इस बात को लेकर आर्या गहरे पछतावे में डूब जाता है. वहीं, अनु को भी मीरा की चालों का पता चल जाता है. उसे समझ आ जाता है कि मीरा उनके परिवार और रिश्तों में दरार पैदा करने की कोशिश कर रही है. अनु अब मीरा की साजिशों के खिलाफ खड़े होने का फैसला करती है और ठान लेती है कि वो अपने रिश्तों को टूटने नहीं देगी. दूसरी तरफ, मीरा के बदले हुए रवैये से गायत्री मां भी हैरान हैं, जिससे वर्धन परिवार में तनाव और बढ़ने वाला है.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्मृति ईरानी के पॉपुलर शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में तुलसी विरानी और तृप्ति के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलेगा. 10 साल के लंबे लीप के बाद विरानी परिवार में शुरू हुई दुश्मनी और बंटवारे की कहानी अब नया मोड़ लेने वाली है. तुलसी अपनी दुश्मन तृप्ति के खिलाफ मोर्चा खोलती नजर आएगी और समायरा से जुड़ा बड़ा सच सबके सामने लाने वाली हैं. तुलसी को समायरा पर जो शक था, वो अब यकीन में बदल चुका है. वहीं, तृप्ति विरानी परिवार को खत्म करने के लिए नई साजिश रच रही है और इसके लिए वो ‘सिड’ का सहारा ले रही है. दूसरी तरफ, करण के झूठ का सच सामने आने के बाद मां-बेटे के रिश्ते में भी तनाव बढ़ता नजर आएगा.
ये भी पढ़ें:-Jana Nayagan BO: ‘स्पाइडर मैन’ के तूफान के आगे इस तमिल फिल्म ने किया कमाल, वर्ल्डवाइड 300 करोड़ के हुई पार
