भारतीय क्रिकेट टीम के कई खिलाड़ी इस समय चोटिल हैं. खिलाड़ियों के लगातार चोटिल होने से टीम मैनेजमेंट परेशान है. कप्तान शुभमन गिल भी इस पर सवाल खड़े कर चुके हैं. अब इसे मसले को बढ़ता देख भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) एक्शन में आया है. बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया रविवार को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) में क्रिकेट प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण से मुलाकात करेंगे और खिलाड़ियों के ‘रिहैबिलिटेशन’ और चोट से उबरने की प्रक्रिया का जायजा लेंगे.
जसप्रीत बुमराह (घुटने में सूजन), साई सुदर्शन (बाएं पैर के अंगूठे में चोट), हर्षित राणा (मांसपेशियों में खिंचाव), नीतिश कुमार रेड्डी (मांसपेशियों में खिंचाव) और वॉशिंगटन सुंदर (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव) अलग-अलग चोटों के कारण श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज में हिस्सा नहीं ले सकेंगे. आकाश दीप (स्ट्रेस फ्रैक्चर) सबसे लंबे समय से टीम से बाहर हैं. बंगाल की रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल में हार के बाद से ही वह टीम से बाहर हैं.
इसके अलावा हार्दिक पांड्या (जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव), वरुण चक्रवर्ती (मांसपेशियों में खिंचाव) और प्रिंस यादव (मांसपेशियों में खिंचाव) भी सीओए में हैं जहां खेल विज्ञान टीम पर काम का काफी दबाव है. 2025 की शुरुआत में नितिन पटेल के इस्तीफे के बाद से इस विभाग का कोई प्रमुख नहीं है. फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती इन सभी खिलाड़ियों को जल्द से जल्द पूरी तरह फिट करके मैदान पर वापस लाना है.
बीसीसीआई के एक सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, “हां, सचिव सैकिया स्थिति का जायजा लेने के लिए वीवीएस लक्ष्मण के साथ बेंगलुरु में होंग. दोनों के बीच एक बैठक तय है. यह अभी पता नहीं है कि राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर या चयन समिति के अध्यक्ष अजित अगरकर ऑनलाइन इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं. इतने सारे कयासों के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सैकिया और लक्ष्मण मीडिया के कुछ सवालों का सामना कर उनके जवाब दे पाते हैं.”
हर्षित राणा के इंग्लैंड पहुंचने के समय उनका वजन काफी अधिक होने का मामला भी चयन समिति को पसंद नहीं आया है. इसी तरह, चयन समिति को शुरुआत में बताया गया था कि बुमराह और सुदर्शन कम से कम दो टेस्ट मैच में से एक के लिए उपलब्ध रहेंगे. हालांकि, स्थिति स्पष्ट होने के बाद पता चला कि चोट के बाद बुमराह के घुटने में सूजन (वॉटर रिटेन्शन) हो रही है जिसके कारण उन्हें ठीक होने में अधिक समय लगेगा.
यह भी पढ़ें-
श्रीलंका में देवदत्त पडिक्कल का दमदार शतक, यशस्वी जायसवाल और पंत-जुरेल फ्लॉप
