Headlines

रक्षाबंधन से पहले 955 किलो मिलावटी क्रीम बरामद, फैक्ट्री को किया सील 


रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहारों से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है.  त्योहारों से पहले सफेद जहर के सौदागरों पर योगी सरकार का सख्त हंटर चला है.

हापुड़ में खाद्य विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस चल रही एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम और 55 किलो रिफाइंड तेल बरामद किया है. बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 43 हजार 250 रुपये बताई गई है.

यह मामला हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चौपला स्थित फतेहपुर का है. यहां एक किराए के मकान में बिना किसी खाद्य लाइसेंस के कथित तौर पर मिलावटी क्रीम तैयार की जा रही थी. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेकी के बाद देर रात यहां औचक छापा मारा. कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार मिलावटी क्रीम बरामद हुई.

सपरेटा दही, पाम ऑयल और वनस्पति से तैयार हो रही थी क्रीम

जांच के दौरान सामने आया कि सपरेटा दही, रिफाइंड पाम ऑयल, वनस्पति और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर कथित तौर पर नकली क्रीम तैयार की जा रही थी. विभाग के मुताबिक, इस क्रीम को त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली मांग को देखते हुए पनीर और देसी घी तैयार करने में इस्तेमाल किया जाना था. बताया जा रहा है कि तैयार माल को दिल्ली-एनसीआर, मेरठ, अमरोहा और बुलंदशहर समेत आसपास के बाजारों में खपाने की तैयारी थी.

955 किलो मिलावटी क्रीम को मौके पर कराया नष्ट

खाद्य विभाग की टीम ने बरामद 955 किलो मिलावटी क्रीम को जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया. इसके साथ ही बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठान को सील कर दिया गया. बरामद सामग्री के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं.

मालिक के खिलाफ कोर्ट में दायर होगा वाद

सहायक आयुक्त खाद्य चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि कुचेसर रोड फतेहपुर में बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करते हुए 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम पकड़ी गई है. इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया है. प्रतिष्ठान को सील कर उसके मालिक तुषार शर्मा के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर किया जा रहा है.

त्योहारों को लेकर खाद्य विभाग अलर्ट

त्योहारी सीजन में मिठाई, पनीर, मक्खन और घी की मांग बढ़ने के साथ मिलावटखोरी की आशंका को देखते हुए खाद्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. विभाग का कहना है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. वहीं प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मिठाई, क्रीम, पनीर और घी खरीदते समय सावधानी बरतें. खासतौर पर खुले में बिकने वाले और असामान्य रूप से सस्ते खाद्य पदार्थों की खरीद से बचें और अधिकृत व विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *