उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक मासूम बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह बाराबंकी के जिलाधिकारी से अपने घर के पास की बदहाल सड़क को बनवाने की गुहार लगाती नजर आई. बच्ची ने बेहद मासूमियत से डीएम को संबोधित करते हुए कहा , “डीएम अंकल, हमारे घर की रोड बनवा दीजिए. बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हैं और पानी भर जाता है.” बच्ची की इस अपील का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों का ध्यान इलाके की सड़क की बदहाली की ओर गया.
वायरल वीडियो बाराबंकी के कोतवाली नगर क्षेत्र में क्रिस्टल गार्डन के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में बच्ची सड़क की समस्या को लेकर अपनी बात रखती दिखाई दे रही है. बच्ची की मासूम अपील सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर गई और बड़ी संख्या में लोग उसकी हिम्मत की तारीफ करने लगे.
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के जुबानी हमले के बीच जयंत चौधरी की PM मोदी से मुलाकात, बताया क्या हुई बात?
बच्ची की सोशल मीडिया पर चर्चा
बच्ची ने जिस तरह अपनी समस्या को सीधे जिलाधिकारी के सामने रखने की कोशिश की, उसकी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने और बारिश के दौरान उनमें पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए ऐसी सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता है.
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद जिलाधिकारी ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया. इसके बाद सड़क की समस्या को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई. सड़क पर मौजूद गड्ढों को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है.
जिलाधिकारी ने बच्ची से की मुलकात
इतना ही नहीं, जिलाधिकारी ने उस मासूम बच्ची से मुलाकात भी की. मुलाकात के दौरान डीएम ने बच्ची को चॉकलेट दी और उसकी बात सुनी. बच्ची द्वारा सड़क बनवाने की लगाई गई गुहार के बाद सड़क पर काम शुरू होना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
इस पूरे मामले में सबसे खास बात यह रही कि एक छोटी बच्ची ने बिना किसी झिझक के अपनी समस्या को सामने रखा और उसकी आवाज सोशल मीडिया के जरिए जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच गई. बच्ची की इस पहल को देखकर स्थानीय लोग उसकी हिम्मत और जागरूकता की सराहना कर रहे हैं.
लोगों को सड़क मिलने से राहत
वहीं, सड़क पर काम शुरू होने के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही गड्ढों से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम हो सकेगा. एक मासूम की छोटी-सी गुहार ने यह भी दिखा दिया कि अगर समस्या को सही तरीके से सामने रखा जाए तो जिम्मेदार अधिकारियों तक उसकी आवाज पहुंच सकती है.
फिलहाल, मासूम बच्ची की अपील के बाद सड़क पर काम शुरू हो चुका है और जिलाधिकारी की बच्ची से मुलाकात भी हो गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह वीडियो अब लोगों के बीच इस बात की मिसाल बन गया है कि एक छोटी बच्ची ने अपने इलाके की बड़ी समस्या को जिम्मेदार प्रशासन तक पहुंचाने का साहस दिखाया.
यह भी पढ़ें : नेपाल में बाढ़ के चलते यूपी, बिहार के इन जिलों में अलर्ट, RRT, NDRF, SDRF टीमें तैनात
