रोहित यादव को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली वनडे और मल्टी-डे सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम में चुना गया था. जूनियर नेशनल टीम में चुने जाने के कुछ समय बाद ही बीसीसीआई ने उनपर 2 साल का प्रतिबंध लगा दिया है. स्पोर्टस्टार ने सूत्रों के हवाले से इसकी पुष्टि की है. रिपोर्ट के अनुसार रोहित की जन्मतिथि पिछले कुछ सालों में कई बार बदली है.
रोहित यादव श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम के साथ गए थे. इसके बाद उन्हें ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ होने वाली वनडे और मल्टी-डे सीरीज दोनों के लिए चुना गया, जो इस महीने के आखिरी में शुरू होगी. उनका सफर तेजी से आगे बढ़ रहा था, लेकिन अब उनके करियर पर मानों ग्रहण लग गया. उम्र की जांच-पड़ताल के दौरान रोहित के आधार रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई गई हैं.
कई बार बदली जन्मतिथि
रिपोर्ट के अनुसार रोहित ने 2014 में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल में रजिस्ट्रेशन कराया था, तब उनकी जन्मतिथि 7 जुलाई, 2007 दर्ज की गई थी. उनका पता उत्तर प्रदेश का था. फिर उनका आधार 2017 में अपडेट हुआ, इसमें उनके जन्म का साल 2006 कर दिया गया. इसके बाद 2020 में हुए अपडेट में भी उनके जन्म का साल 2006 ही रहा. लेकिन अगले साल ये फिर बदल गया.
यह भी पढ़ें- क्या 2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित शर्मा? BCCI रिव्यू मीटिंग में हुआ बड़ा फैसला
2021 में उनके जन्म का साल 2009 कर दिया गया. इसके बाद 2024 तक हुए आधार अपडेट में भी 2009 ही दिखाया गया. इस दौरान उनका पता भी बदल गया. यूपी से बदलकर इसे हावड़ा कर दिया गया, बाद के रिकॉर्ड में लिलुआ का पता दर्ज था.
बता दें कि साल की शुरुआत में बीसीसीआई ने निर्देश दिया था, जिसके बाद क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल ने खिलाड़ियों की उम्र से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की. अब जब उनके ऊपर 2 साल का बैन लग गया है, ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए रोहित के रिप्लेसमेंट का एलान जल्द हो सकता है.
यह भी पढ़ें- 2026 एशियन गेम्स: 768 सदस्यीय भारतीय दल को मिली मंजूरी, गौतम गंभीर का नाम गायब
रोहित ने जूनियर लेवल पर शानदार प्रदर्शन कर भारत की अंडर-19 टीम में जगह बनाई थी. लेग स्पिनर रोहित ने श्रीलंका अंडर-19 टीम के खिलाफ यूथ टेस्ट में 6 विकेट लिए थे.
