- चेन्नई के नोलांबुर में प्रवासी मजदूर की पीटकर हत्या।
- सिगरेट न देने पर चार नशेड़ियों ने बुजुर्ग पर हमला किया।
- गंभीर चोटों से मृत्यु हुई, चारों आरोपी गिरफ्तार किए गए।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के पास नोलांबुर इलाके में शनिवार (5 सितंबर, 2026) की रात मामूली विवाद के बाद चार लोगों के एक गिरोह ने 62 वर्षीय प्रवासी मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के रहने वाले एन. अभिजीत मंडल के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक अभिजीत मंडल नोलांबुर के गजलक्ष्मी नगर में एक निर्माणाधीन साइट पर काम कर रहे थे. शनिवार की रात करीब 10:15 बजे उसी इलाके के चार युवक, जो कथित तौर पर नशे में धूत थे, उनके पास पहुंचे और सिगरेट मांगी. मंडल ने सिगरेट देने से इनकार किया, तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. आरोप है कि इसके बाद युवकों ने जमीन पर पड़ा एक डंडा उठाया और मंडल पर हमला कर दिया. नशेड़ियों के हमले में 62 वर्षीय अभिजीत मंडल के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल प्रवासी मजदूर अभिजीत मंडल को सरकारी किलपॉक मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रविवार (6 सितंबर, 2026) की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मामले में नोलांबुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वी. वसीगरन, आर. अजय, एस. गोकुल राज और आर. सबरी के रूप में हुई है. इन चारों आरोपियों में से तीन वसीगरन, अजय और गोकुल राज की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है. फिलहाल, पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
घटना का वीडियो आया सामने
घटना के सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे नशे में धूत चारों लड़के बुजुर्ग मजदूर पर लात-घूसों, डंडा और पटरे से हमला किया. यहां तक की एक नशेड़ी ने सड़क पार खड़ी एक साइकिल को उठाकर भी बुजुर्ग मजदूर के ऊपर फेंक कर हमला किया. इसके बाद नशेड़ी कुछ मिनटों के लिए वहां पर से गायब हो गए और जब वे फिर लौटे तब उन्होंने एक बार फिर से बुजुर्ग मजदूर पर हमला किया. इसके बाद खून से लथपथ मजदूर को सड़क पर पड़ा हुआ छोड़कर भाग गए.
यह भी पढ़ेंः राहुल या विजय, कौन होगा INDIA गठबंधन का चेहरा? KC वेणुगोपाल ने कर दिया साफ
