Headlines

अंकित बालियान हत्याकांड: फर्जी पोस्ट पर पुलिस का शिकंजा, दो पर केस दर्ज


शामली में हरियाणवी कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं. इनमें कुछ पोस्ट को पुलिस ने फर्जी और आपत्तिजनक बताया है. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर नजर बढ़ा दी है और ऐसे अकाउंट्स को चिन्हित करना शुरू कर दिया है, जहां से इस तरह की सामग्री शेयर की जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, अब तक दो सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. इसके अलावा कई अन्य अकाउंट भी पुलिस की निगरानी में हैं. उनकी पोस्ट और गतिविधियों की जांच की जा रही है. जांच में अगर कोई आपत्तिजनक या कानून तोड़ने वाली सामग्री सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

‘अब आपके हाथ में वैध-अवैध…’, सहारनपुर मस्जिद मामले पर बोले इमरान प्रतापगढ़ी

धमकी वाले दो वीडियो भी पुलिस के सामने आए

अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला ने बताया कि सोशल मीडिया पर धमकी से संबंधित दो वीडियो पुलिस के संज्ञान में आए हैं. इन वीडियो की जांच की जा रही है. साथ ही वीडियो पोस्ट करने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़ी किसी भी अपुष्ट खबर या भ्रामक पोस्ट पर भरोसा न करें. बिना पुष्टि के ऐसी पोस्ट और वीडियो को लाइक, कमेंट या शेयर करने से बचें.

पुलिस ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने, धमकी देने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

अंकित के पिता की सुरक्षा में पुलिसकर्मी तैनात

अंकित बालियान की हत्या के बाद उनके पिता सतबीर फौजी की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. पुलिसकर्मियों को उनकी सुरक्षा में तैनात किया गया है. पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और सुरक्षा को लेकर भी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आ रही धमकियों और वायरल पोस्ट को लेकर शामली पुलिस अधिकारियों से शिकायत की थी. उनके मुताबिक, पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया है और कुछ मामलों में मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी भी दी है.

सतबीर फौजी ने कहा कि उन्हें पुलिस पर पूरा विश्वास है. पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कुछ पोस्ट को पुलिस ने भ्रामक बताया है और ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है.

‘सपा और RJD की राजनीतिक कुंडली…’, केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर हमला

हत्याकांड के साथ सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर

कुल मिलाकर अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस एक तरफ आरोपियों और मामले से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक और कथित धमकी वाली सामग्री पर भी नजर रखी जा रही है. पुलिस का फोकस अब ऐसे लोगों की पहचान करने पर है, जो सोशल मीडिया के जरिए अफवाह या डर का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *