जापान के भारत में राजदूत ओनो केइइचि का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में जापानी राजदूत ऋषिकेश में गंगा नदी के अंदर जाते और डुबकी लगाते नजर आ रहे हैं. खास बात यह है कि उन्होंने गंगा में सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि तीन बार डुबकी लगाई. उन्होंने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस अनुभव की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं. वीडियो में वह नदी किनारे लगी चेन को पकड़कर गंगा में उतरते दिखाई देते हैं.
बोले- गंगा में उतरने का अनुभव कभी नहीं भूलूंगा
ओनो केइइचि ने बताया कि जन्माष्टमी के वीकेंड पर उन्हें ऋषिकेश में गंगा में पूरी तरह डुबकी लगाने का मौका मिला. उन्होंने यह काम तीन बार किया. उनके मुताबिक, गंगा किनारे लोगों की आस्था और सदियों पुरानी परंपराओं को करीब से देखना उनके लिए खास अनुभव रहा. उन्होंने इस पल को सम्मान, विनम्रता और आभार से जुड़ा अनुभव बताया. राजदूत ने कहा कि यह उनके लिए ऐसा पल है जिसे वह लंबे समय तक याद रखेंगे.
Finally, a full dip in the Ganges in Rishikesh—three times! 🙏
Over the Janmashtami weekend, surrounded by people carrying on centuries-old faith and traditions, I felt a profound spiritual connection, along with awe, humility, and gratitude.
A truly unforgettable moment 🇮🇳 pic.twitter.com/A1SoVaDYuH
— ONO Keiichi, Ambassador of Japan (@JapanAmbIndia) September 6, 2026
वीडियो में चेन पकड़कर गंगा में उतरे
वायरल वीडियो में राजदूत नदी के किनारे दिखाई देते हैं. इसके बाद वह धीरे-धीरे गंगा में उतरते हैं और किनारे लगी चेन को पकड़कर डुबकी लगाते हैं. उनके इस अंदाज को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स काफी उत्साहित हैं. गंगा में डुबकी लगाने के बाद उन्होंने नदी किनारे की तस्वीर भी शेयर की. इसके अलावा उनके पोस्ट में गंगा आरती की झलक भी देखने को मिली.
भारतीय यूजर्स ने कहा- अब ऋषिकेश से प्यार हो जाएगा
जापानी राजदूत की पोस्ट पर भारतीय यूजर्स ने जमकर प्यार बरसाया. एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर आपको गंगा और ऋषिकेश से प्यार हो गया तो फिर यहां से वापस जाने का मन नहीं करेगा. एक अन्य यूजर ने कहा कि हर कोई धर्म का पालन न करे, लेकिन संस्कृति को जरूर समझ सकता है. कुछ लोगों ने उन्हें ऋषिकेश की चाय पीने और राफ्टिंग करने की सलाह भी दे डाली.
पहली बार नहीं, पहले भी दिखा है देसी अंदाज
भारत में जापान के राजदूत ओनो केइइचि पहले भी भारतीय खान-पान और संस्कृति को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में रह चुके हैं. इससे पहले उन्होंने दिल्ली में हाथ से बिरयानी खाने का अनुभव शेयर किया था. उन्होंने इसकी तुलना जापानी सुशी से करते हुए कहा था कि बिरयानी हाथ से खाने पर और भी स्वादिष्ट लगती है. इसके अलावा वह बिहार का मशहूर लिट्टी-चोखा भी खा चुके हैं. तब उन्होंने भोजपुरी में इसका स्वाद बताते हुए कहा था, “गजब स्वाद बा.”
यह भी पढ़ें: गजब! मंत्री जी को माला पहनाते रहे नेता जी, गले से गायब हो गई सोने की चेन
सोशल मीडिया पर छाई राजदूत की ये तस्वीरें
राजदूत का गंगा में डुबकी लगाने वाला वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई. लोग उनके इस अंदाज को भारत की संस्कृति के प्रति सम्मान से जोड़ रहे हैं. कई यूजर्स ने कहा कि विदेशी होकर भी राजदूत जिस तरह भारत की परंपराओं और खान-पान को करीब से समझने की कोशिश कर रहे हैं, वह देखने लायक है. वहीं कुछ लोगों ने उनके अगले भारतीय एक्सपीरियंस को लेकर भी मजेदार सुझाव देने शुरू कर दिए. कुल मिलाकर गंगा में तीन डुबकी लगाने का उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है.
यह भी पढ़ें: हाईराइज बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए डोगेश भाई, मुश्किल से हुआ रेस्क्यू
