सलमान खान के पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है. इससे पहले ‘बिग बॉस’ के 19 सीजन्स में कई कंटेस्टेंट्स शो का हिस्सा बने और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. इनमें से कुछ सितारे अब हमारे बीच नहीं हैं. इस लिस्ट में सिद्धार्थ शुक्ला से लेकर मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव तक के नाम शामिल हैं. आइए जानते हैं बिग बॉस के उन कंटेस्टेंट्स के बारे में, जिनका अब निधन हो चुका है.
सिद्धार्थ शुक्ला
एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ के सबसे पॉपुलर कंटेस्टेंट्स में से एक थे. शो में उनका एटीट्यूड और गेम प्लान दर्शकों को खूब पसंद आया, जिसके चलते उन्होंने इस सीजन का खिताब अपने नाम किया था. 2 सितंबर 2021 को महज 40 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
सोनाली फोगाट
सोनाली फोगाट रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’ का हिस्सा रही थीं और शो के दौरान उन्होंने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था. 23 अगस्त 2022 को 42 साल की उम्र में गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में उनका निधन हो गया. शुरुआत में उनकी मौत की वजह दिल का दौरा बताई गई थी, लेकिन बाद में इस मामले की सीबीआई जांच भी हुई.

ये भी पढ़ें:- गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा संग रोमांटिक हुए हार्दिक पांड्या, कपल की केमिस्ट्री ने जीता फैंस का दिल
प्रत्युषा बनर्जी
टीवी सीरियल ‘बालिका वधू’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी ‘बिग बॉस 7’ का हिस्सा रही थीं. 1 अप्रैल 2016 को महज 24 साल की उम्र में वो मुंबई स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गई थीं. प्रत्यूषा ने सुसाइड किया था.

शेफाली जरीवाला
‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला ‘बिग बॉस 13’ का हिस्सा रही थीं. 27 जून 2025 की रात 42 साल की उम्र में मुंबई में उनका निधन हो गया. तबीयत बिगड़ने के बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनकी मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई गई थी.

स्वामी ओम
स्वामी ओम ‘बिग बॉस 10’ का हिस्सा रहे थे और शो में अपने बयानों और हरकतों को लेकर काफी चर्चा में रहे. 3 फरवरी 2021 को 63 साल की उम्र में उनका निधन हो गया. कोरोना संक्रमित होने के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई थी और पैरालिसिस अटैक के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.

राजू श्रीवास्तव
मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव ‘बिग बॉस 3’ में नजर आए थे. शो के दौरान उन्होंने अपने मजेदार अंदाज से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया था. 21 सितंबर 2022 को 58 साल की उम्र में उनका निधन हो गया.
दरअसल, जिम में वर्कआउट के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया था. करीब 40 दिनों से ज्यादा समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया.
ये भी पढ़ें:- ‘मैं बेबस हूं…’ मणिपुर के हालात पर इमोशनल हुईं मैरी कॉम, बोलीं- ‘अपने राज्य के लिए कुछ नहीं कर पाई’
