How To Remove Lint From Clothes At Home: कपड़े कितने भी अच्छे और महंगे क्यों न हों, अगर उन पर छोटे-छोटे रोएं, धागे या लिंट चिपक जाएं तो पूरा लुक खराब लगने लगता है. खासकर ऊनी स्वेटर, डार्क कलर के कपड़े और रोजाना पहने जाने वाले कुछ फैब्रिक पर रोएं जल्दी नजर आने लगते हैं. कई बार कपड़ों पर धूल, पालतू जानवरों के बाल और छोटे-छोटे फाइबर भी चिपक जाते हैं, जिससे साफ कपड़े भी बिखरे और पुराने जैसे दिखने लगते हैं.
कपड़ों से इन रोयों को हटाना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है. घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से आप इन्हें आसानी से साफ कर सकते हैं. हालांकि, रोएं हटाते समय इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि कपड़े के फैब्रिक को नुकसान न पहुंचे. आइए जानते हैं कपड़ों से रोएं हटाने के कुछ आसान और काम के तरीके.
चिपकने वाली टेप से हटाएं कपड़ों के रोएं
अगर कपड़ों पर हल्के रोएं या धागे चिपके हुए हैं, तो उन्हें हटाने के लिए एडहेसिव टेप सबसे आसान तरीका हो सकता है. यह लगभग हर घर में आसानी से मिल जाती है और इसके लिए आपको किसी खास चीज की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. इसके लिए टेप का एक छोटा टुकड़ा लें और उसे रोएं वाली जगह पर हल्के हाथ से चिपकाएं. अब टेप को धीरे से खींचकर हटा दें. इसके साथ कपड़े पर चिपके रोएं और छोटे फाइबर भी निकल जाएंगे. जब तक कपड़ा साफ न हो जाए, इस प्रक्रिया को दोहराते रहें. हर बार टेप का नया हिस्सा इस्तेमाल करें या जब तक उसकी चिपकने की क्षमता बनी रहे, तब तक उसी टेप का इस्तेमाल किया जा सकता है.
आप चाहें तो घर पर ही एक DIY लिंट रोलर भी बना सकते हैं. इसके लिए किसी कार्डबोर्ड ट्यूब के चारों ओर चिपकने वाली टेप को लपेट दें और इसे कपड़े पर रोल करें. इससे कपड़ों से रोएं हटाना और भी आसान हो जाएगा.
लिंट रोलर आएगा काफी काम
कपड़ों से रोएं हटाने के लिए लिंट रोलर भी एक आसान और सुविधाजनक विकल्प है. यह बाजार और ऑनलाइन आसानी से मिल जाता है. खासकर अगर आपके कपड़ों पर बार-बार रोएं चिपक जाते हैं, तो इसे घर में रखना काफी उपयोगी हो सकता है. लिंट रोलर को कपड़े की सतह पर ऊपर से नीचे की तरफ रोल करें. रोलर पर रोएं और धूल चिपकती जाएगी. इस्तेमाल के बाद रोलर की सतह को साफ करना न भूलें, ताकि अगली बार इसे दोबारा आसानी से इस्तेमाल किया जा सके. बाजार में मिलने वाले रोलर के अलावा आप कार्डबोर्ड ट्यूब और एडहेसिव टेप की मदद से घर पर भी इसका आसान वर्जन तैयार कर सकते हैं.

इलेक्ट्रिक लिंट रिमूवर से मिनटों में करें सफाई
अगर कपड़ों पर रोएं ज्यादा हैं और आप उन्हें जल्दी हटाना चाहते हैं, तो इलेक्ट्रिक लिंट रिमूवर आपके काम आ सकता है. यह छोटा सा डिवाइस कपड़े की सतह पर मौजूद अतिरिक्त रोयों और फज को हटाने के लिए बनाया जाता है. इसमें घूमने वाले ब्लेड होते हैं, जो कपड़े से बाहर निकले हुए रोयों को काटकर सतह को ज्यादा साफ और स्मूद बना देते हैं. इसका इस्तेमाल ऊनी स्वेटर के अलावा कॉटन, लिनेन, टेरीक्लॉथ और ऐसे दूसरे कपड़ों पर भी किया जा सकता है, जिन पर रोएं या छोटे-छोटे फाइबर आसानी से दिखाई देने लगते हैं. हालांकि, इस्तेमाल करते समय बहुत ज्यादा दबाव न डालें और एक ही जगह पर बार-बार मशीन चलाने से बचें. इससे फैब्रिक खराब होने का खतरा रहता है.
शेवर से भी हटाए जा सकते हैं रोएं
अगर आपके पास लिंट रिमूवर नहीं है, तो एक नया या हल्का इस्तेमाल किया हुआ शेवर भी काम आ सकता है. इससे कपड़ों पर जमा फज, छोटे रोएं और पिल्स हटाए जा सकते हैं. हालांकि, इस तरीके में थोड़ी सावधानी जरूरी है. सबसे पहले कपड़े को सूखा करके किसी सपाट जगह पर फैला दें. अब शेवर को कपड़े की सतह पर बहुत हल्के हाथ से चलाएं. ज्यादा दबाव डालने या एक ही हिस्से पर बार-बार शेवर चलाने से बचें, क्योंकि इससे कपड़े के धागे कट सकते हैं या फैब्रिक को नुकसान पहुंच सकता है. नाजुक कपड़ों पर इस तरीके को आजमाने से पहले खास सावधानी बरतें.
इसे भी पढ़ें : Squeaky Door: दरवाजे से आ रही चर्र-चर्र की आवाज, बढ़ई बुलाए बिना करें ठीक
कपड़ों पर बार-बार रोएं आने से ऐसे बचाएं
सिर्फ रोएं हटाना ही काफी नहीं है, बल्कि कोशिश करें कि कपड़ों पर ये दोबारा कम से कम चिपकें. नए कपड़ों को ऐसे कपड़ों के साथ न धोएं, जिनसे बहुत ज्यादा लिंट निकलता है. खासकर ऊनी या रोएं छोड़ने वाले कपड़ों को अलग धोना बेहतर रहता है. वॉशिंग मशीन में कपड़े डालने से पहले जेबों की अच्छी तरह जांच कर लें. टिश्यू पेपर जैसी चीजें अगर जेब में रह जाएं तो धुलाई के दौरान छोटे-छोटे टुकड़ों में टूटकर पूरे कपड़ों पर चिपक सकती हैं. इसके अलावा वॉशिंग मशीन और ड्रायर की नियमित सफाई भी जरूरी है. मशीन में जमा पुराने फाइबर और धूल अगले कपड़ों पर चिपक सकते हैं. अगर ड्रायर का इस्तेमाल करते हैं, तो उसका लिंट फिल्टर और लिंट गार्ड भी समय-समय पर साफ करें. फिल्टर में जमा रोएं और फाइबर को निकालते रहें, ताकि मशीन ठीक से काम करे और कपड़ों पर अनावश्यक लिंट जमा न हो.
इसे भी पढ़ें :Roti Making Tips: रोटी नहीं फूल रही, कहीं आटा गूंथने में ये गलती तो नहीं कर रहे?
