नई दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स समिट के सफल समापन के साथ ही देश में एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. यह बहस शिखर सम्मेलन के दौरान विदेशी मेहमानों के लिए आयोजित गाला डिनर के वेजिटेरियन मेन्यू को लेकर शुरू हुई, जिस पर कांग्रेस और बीजेपी के नेता आमने-सामने हैं. दरअसल लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक्स पर लिखा, ‘जानकारी के लिए बता दें कि 80 फीसदी भारतीय मांसाहारी हैं. भारतीय मांसाहारी खाना बहुत स्वादिष्ट होता है और मेरी बहन के छोले-भटूरे भी. राहुल गांधी का ये बयान पीएम मोदी द्वारा ब्रिक्स समिट के दौरान दिए गए डिनर आयोजन के एक दिन बाद आया.
कांग्रेस के बयान से सियासी बवाल
इसके बाद कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने भी इसे लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘बीजेपी की अपनी खान-पान की प्राथमिकताओं को दूसरों पर थोपने की आदत तो पहले से ही थी. अब वे अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों पर भी इसे थोप रहे हैं. भारत एक विविध संस्कृति वाला देश है, जहां का नॉन-वेज खाना दुनिया मशहूर है. सरकार भारत की इस विविधता को दुनिया से क्यों छिपाना चाहती है?’ कांग्रेस नेताओं के इसी बयान के बाद बीजेपी ने उन पर निशाना साधा.
टीएमसी सासंद महुआ मोइत्रा ने डिनर मेन्यू पर तंज कसा. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर मजाकिया अंदाज में लिखा, ‘क्या मैं वह एक बुरी सांसद कहलाएंगी अगर मैं आने वाले ब्रिक्स नेताओं को इस मेन्यू को छोड़ने की सलाह दूं और सुरक्षाकर्मियों को पास के मशहूर करीम से कुछ बर्रा कबाब लाने के लिए कहूं.’
किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को दिया जवाब
बीजेपी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ब्रिक्स जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की सफलता से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है. संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पार्टी पर खाने के मेन्यू को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, मुझे यकीन नहीं हो रहा कि कांग्रेस पार्टी ब्रिक्स देशों के नेताओं को परोसे गए खाने के मेन्यू पर भी राजनीति कर रही है. हमारे मेहमानों ने भारतीय शाकाहारी भोजन का आनंद लिया, जो स्वाद और पोषण से भरपूर है और जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों की परंपराएं शामिल हैं.’ उन्होंने कहा कि भारतीय शाकाहारी भोजन में विविधता, स्वाद और पोषण है और यह भारत की संस्कृति का प्रतीक है. विदेशी मेहमानों ने भी इसका भरपूर आनंद लिया.
रामदास आठवले का राहुल गांधी पर निशाना
केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि राहुल गांधी नॉनवेज खाते होंगे, लेकिन यह मामला नॉनवेज से जुड़ा हुआ नहीं है. उन्होंने कहा कि सभी देशों के प्रमुखों ने एक-दूसरे के सहयोग और आपसी समर्थन पर जोर दिया है. उनके अनुसार यह सम्मेलन सफल रहा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कुछ भी बोलते रहें, लेकिन यहां किसी भी तरह का नॉनवेज का विषय नहीं है.
AIMIM नेता वारिस पठान तंज कसते हुए कहा कि मेन्यू से मटन और चिकन गायब हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में भारतीय व्यंजनों की पूरी विविधता दिखनी चाहिए. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, ‘जब विपक्ष के पास शिखर सम्मेलन की आलोचना करने के लिए केवल फूड मेन्यू ही बचा हो तो ये साफ दिखाता है कि यह ब्रिक्स सम्मेलन कितना सफल रहा है.’ उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस वैश्विक स्तर पर भारत को एक आम सहमति बनाने वाले देश के रूप में उभरता देख चिढ़ रही है.
ब्रिक्स मेहमानों को क्या परोसा गया
भारत मंडपम में ब्रिक्स मेहमानों को भारत की विविध पाक परंपराओं को दर्शाने वाला स्पेशल वेज मेन्यू परोसा गया, जिसमें देश के अलग-अलग क्षेत्रों के स्वाद और पारंपरिक व्यंजनों को आधुनिक अंदाज में पेश किया गया. गाला डिनर की शुरुआत स्टार्टर के साथ हुई. मेहमानों को खंडवी मिले-फॉय परोसी गई, जिसमें बेसन से बनी स्टीम्ड खंडवी को सरसों, नारियल और करी पत्ते के तड़के के साथ केसर आम, माइक्रोग्रीन्स और योगर्ट ड्रेसिंग के साथ परोसा गया. इसके अलावा खुंब गलौटी में तवे पर हल्के से ग्रिल किए गए मशरूम कबाब को मिंट पर्ल्स और शीरमल ब्रेड के साथ परोसा गया.
मुख्य भोजन में भारतीय व्यंजनों की समृद्ध परंपरा की झलक देखने को मिली. मेन्यू में पनीर लबाबदार, गुच्छी मार्मिक (हिमालयी गुच्छी मशरूम और एस्पेरेगस को केसर, किशमिश और ममरा बादाम के साथ तैयार किया गया व्यंजन), कैरट बीन पोरियाल, ठक्काली बेले सारू (अरहर दाल और टमाटर से तैयार दक्षिण भारतीय शैली का हल्का सूप), मिलेट पुलाव, बीटरूट रायता और विभिन्न प्रकार की भारतीय रोटियां शामिल थीं.डेजर्ट में मेहमानों को पुरानी दिल्ली के लोकप्रिय स्वाद से प्रेरित ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी परोसी गई, जिसमें मौसमी फलों और हल्की व्हिप्ड क्रीम के साथ कुरकुरी जलेबी परोसी गई. इसके साथ शहतूत फिरनी भी परोसी गई, जिसे धीमी आंच पर दूध और चावल से तैयार कर मीठे शहतूत और गोल्ड लीफ से सजाया गया.
