राजस्थान निकाय चुनाव नतीजों पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रतिक्रिया सामने आई है. सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार ने पिछले ढाई वर्षों से अधिक के कार्यकाल में जो ऐतिहासिक कार्य किए हैं, उस पर राजस्थान की जनता ने नगरीय चुनावों में बीजेपी को भारी समर्थन देकर मोहर लगाई है. प्रधानमंत्री के विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प को जनता ने स्वीकार किया है.
मुख्यमंत्री सोमवार को बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पर नगरीय चुनावों में बीजेपी के पक्ष में आए परिणामों पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे. उन्होंने इस जीत को कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा कि उनके परिश्रम की बदौलत ऐतिहासिक विजय हासिल हुई है. इन चुनावों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं ने प्रधानमंत्री और उनके विजन पर फिर से भरोसा जताया है. आज राजस्थान के साथ-साथ पूरे देश का युवा उनके साथ है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक योजनाओं को धरातल पर उतारा है. हमारे जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने जनता के बीच जाकर महिला, युवा और गरीब कल्याण के लिए कार्य किया है. इसी का परिणाम है कि जनता ने हमारी सरकार पर विश्वास जताया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादों को पूरा किया है. हमने निकाय विकास संकल्प पत्र में जो वादे किए है उसे भी पूरा करेंगे. उन्होंने विश्वास जताया कि निकाय चुनावों के बाद आगामी पंचायत चुनावों में भी बीजेपी को बड़ी जीत मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस जनादेश से मतदाताओं ने यह भी संदेश दिया है बीजेपी ही एकमात्र पार्टी है जो जनता की आवाज सुनकर उनके लिए संवेदनशील होकर कार्य करती है. साथ ही, मतदाताओं ने वन स्टेट, वन इलेक्शन को भी स्वीकार किया है. जनता ने माना है कि एक साथ चुनाव होने से विकास और संसाधनों की बचत होती है. जबकि कांग्रेस के समय में लगातार 2 साल तक निकाय और 2 साल तक पंचायत के चुनाव होते रहे है.
