2026 एशियन गेम्स 19 सितंबर से शुरू हो रहे हैं. वहीं मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी, लेकिन उससे पहले टीम इंडिया को बहुत बड़ा झटका लगा है. स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती चोट के चलते एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं और BCCI ने उनका रिप्लेसमेंट भी तैयार कर लिया है. उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान साइड स्ट्रेन की इंजरी हुई थी, जिसके बाद उन्हें अफगानिस्तान सीरीज से भी बाहर होना पड़ा.
चक्रवर्ती बाहर, कौन होगा रिप्लेसमेंट?
न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से BCCI के एक सूत्र ने बताया कि वरुण लंबे समय के लिए बाहर हो गए हैं. उनके रिप्लेसमेंट के लिए कुलदीप यादव और विप्रज निगम 2 बढ़िया विकल्प सामने आए हैं. कुलदीप शायद एशियन गेम्स में ना खेलें, क्योंकि वे इसी महीने के अंत में वेस्टइंडीज के साथ वनडे सीरीज में खेलेंगे. ऐसे में विप्रज निगम को चक्रवर्ती का रिप्लेसमेंट घोषित किया जा सकता है.
विप्रज निगम IPL में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हैं, लेग-स्पिन गेंदबाजी करते हैं. उन्होंने अपने टी20 करियर में 33 मैच खेलकर 34 विकेट चटकाए हैं. वो जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी कर लेते हैं. टी20 करियर में अब तक उनके नाम 244 रन हैं और उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 39 रन है.
यह भी पढ़ें: IPL 2027 ऑक्शन के वेन्यू पर आया बहुत बड़ा अपडेट, जानें कहां होगी नीलामी?
अफगानिस्तान के खिलाफ आई थी चोट
अरुण जेटली स्टेडियम में 13 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान का पहला टी20 मैच खेला गया था. उस मुकाबले में चक्रवर्ती ने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 16 रन दिए और एक बल्लेबाज को आउट किया था. मुकाबले के बाद एमआरआई स्कैन में पता चला कि उन्हें साइड स्ट्रेन हुआ है. इस चोट के बाद उन्हें अफगानिस्तान सीरीज से बाहर होना पड़ा और अब एशियन गेम्स स्क्वाड से भी उन्हें बाहर होना पड़ सकता है.
24 सितंबर से शुरू होंगे मुकाबले
एशियन गेम्स की शुरुआत 19 सितंबर से होगी, लेकिन मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता 24 सितंबर से शुरू होगी. मेंस प्रतियोगिता में कुल 10 देश भाग लेंगे, लेकिन सीड सिस्टम होने के चलते भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश और पाकिस्तान को सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश मिल गया है. टीम इंडिया का क्वार्टरफाइनल मैच 28 सितंबर को होगा.
यह भी पढ़ें:
ICC की ताजा रैंकिंग में अभिषेक ने मारी छलांग, गेंदबाजों में नंबर-1 चक्रवर्ती
