Headlines

AI चैटबॉट बना वकील! रोड रेज में Google Gemini ने दिलाया हर्जाना


बेंगलुरु की सड़कों पर रोड रेज की घटनाएं आम बात हो चुकी हैं, लेकिन इस बार एक टेक स्टार्टअप के फाउंडर ने इस मुसीबत से निपटने के लिए जो तरीका निकाला, उसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है. सड़क पर बदतमीजी और गाड़ी में टक्कर मारने वाले एक सिरफिरे बाइक सवार को सबक सिखाने के लिए इस शख्स ने किसी वकील के चक्कर नहीं काटे, बल्कि गूगल के एआई चैटबॉट ‘जेमिनी’ को अपना वकील बना लिया. AI की सटीक सलाह और पुलिस की मदद से आखिरकार आरोपी बाइक सवार को माफी मांगनी पड़ी और नुकसान की भरपाई भी करनी पड़ी.

कार में मारी लात और पीछे से ठोकी गाड़ी, डैशकैम में कैद हुई गुंडागर्दी

‘भारत एग्री’ कंपनी के फाउंडर और सीईओ सिद्धार्थ दियालानी ने सोशल मीडिया पर अपने साथ घटी इस खौफनाक घटना का खुलासा किया है. उन्होंने अपनी डैमेज कार की तस्वीरों के साथ बताया कि कुछ दिनों पहले बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में वे रोड रेज का शिकार हो गए थे. एक बाइक सवार, जो अपनी पत्नी के साथ जा रहा था, उसे गलतफहमी हुई कि सिद्धार्थ की कार उसकी बाइक से छू गई है. इतने में ही वह आपा खो बैठा. उसने सिद्धार्थ की कार रुकवाई, दरवाजे पर जोर से लात मारी और फिर अपनी बाइक से कार के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी. इतना ही नहीं, डराने की नीयत से वह कार के आगे आकर बार-बार अचानक ब्रेक लगाता रहा.

Google Gemini ने दी कानूनी सलाह, पुलिस स्टेशन में समोसा खाकर किया इंतजार

अक्सर लोग पुलिस स्टेशन के चक्कर काटने से डरते हैं, लेकिन सिद्धार्थ ने कानूनी प्रक्रिया समझने के लिए वकील के बजाय Google Gemini का सहारा लिया. एआई चैटबॉट ने उन्हें कोरमंगला पुलिस स्टेशन के नाम एक सटीक लिखित शिकायत तैयार करके दी और सलाह दी कि वे पुलिस से रसीद जरूर लें. जब सिद्धार्थ शिकायत लेकर पहुंचे, तो पुलिस पहले टालमटोल करने लगी. लेकिन सिद्धार्थ रसीद लेने की जिद पर अड़े रहे. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि जब पुलिस आरोपी को ढूंढ रही थी, तो उन्होंने फिल्मों की तरह पुलिस स्टेशन में समोसा खाते हुए इंतजार किया.

डैशकैम फुटेज से खुली पोल, FIR की धमकी मिलते ही घुटनों पर आया आरोपी

सिद्धार्थ की कार में लगा डैशकैम इस पूरी घटना का सबसे बड़ा सबूत बना. डैशकैम की रिकॉर्डिंग में बाइक का नंबर साफ दिख रहा था, जिसकी मदद से पुलिस ने अपने डेटाबेस से आरोपी का फोन नंबर निकाला और उसे थाने तलब कर लिया. शुरुआत में बाइक सवार अपनी गलती मानने को तैयार नहीं था और उल्टे आरोप लगाने लगा. लेकिन जैसे ही पुलिस ने डैशकैम के सबूत दिखाए और एफआईआर दर्ज कर आपराधिक केस चलाने की चेतावनी दी, आरोपी की सारी हेकड़ी निकल गई. आखिरकार, आरोपी ने लिखित में माफीनामा दिया और कार के नुकसान का पूरा हर्जाना भरा. इस पूरे वाकये के बाद सिद्धार्थ ने चुटकी लेते हुए लिखा “अब Gemini ही मेरा वकील है.”

यह भी पढ़ें: Video: भीख मांगने के लिए भिखारी ने अपनाया अनोखा तरीका, लोग बोले-टेक्नोलॉजिया 

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा, लोगों ने कहा- “डैशकैम और AI का बेस्ट कॉम्बिनेशन”

सिद्धार्थ दियालानी की यह पोस्ट इंटरनेट पर आते ही तेजी से वायरल हो गई. यूजर्स इस अनोखे तरीके की जमकर तारीफ कर रहे हैं और टेक के सही इस्तेमाल को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कई यूजर्स ने कहा कि भारतीय सड़कों पर गाड़ियों में डैशकैम होना अब लग्जरी नहीं बल्कि सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी हो गया है. एक यूजर ने लिखा, “डैशकैम ने सच में आज एक बेगुनाह को झूठे झंझट से बचा लिया, हर गाड़ी में यह होना ही चाहिए.” लोगों ने गूगल जेमिनी के इस्तेमाल को काफी सराहा. एक यूजर ने कमेंट किया, “कानूनी प्रक्रिया को आसान बनाने में AI जिस तरह मदद कर रहा है, वह वाकई कमाल है.

यह भी पढ़ें: गणपति पंडाल में फुटबॉल खेलने पहुंचा हाथी, दागे दनादन गोल; देखें वीडियो





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *