जमुई और समस्तीपुर के बाद अब मामला बिहार के मधेपुरा से सामने आया है जहां दो-तीन छात्राओं और एक लड़के के साथ बदसलूकी की गई है. घटना मधेपुरा के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसमें यह दिख रहा है कि कुछ युवक छात्राओं और एक लड़के को घेरकर बहस कर रहे हैं. हाथापाई जैसी स्थिति है.
यह वीडियो एक स्कूल के बाहर का है. भीड़ में मौजूद कुछ लड़के बाइक से आए लड़के की गाड़ी की चाभी निकाल लेते हैं. इसके बाद दोनों ओर से कहासुनी होने लगती है. छात्राएं भी भिड़ जाती हैं.
यह घटना बीते मंगलवार की बताई जा रही है. वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रकाश में आया है. स्कूल के प्रधानाध्यापक का कहना है कि स्कूल परिसर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है. स्कूल के बाहर क्या हुआ उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.
22 सितंबर की बताई जा रही घटना
उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मामले को लेकर थाने में अब तक किसी पक्ष की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है. एसडीपीओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो 22 सितंबर 2026 का है.
यह भी पढ़ें- जमुई के बाद अब समस्तीपुर में लड़की के साथ बैड टच! 4 आरोपी गिरफ्तार
क्या है मामला?
पुलिस की ओर से बताया गया कि वीडियो बीते बुधवार से वायरल हो रहा है. मामला संज्ञान में आने के बाद सत्यापन किया गया. पता चला कि वायरल वीडियो उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक (10+2) विद्यालय, उदाकशुिनगंज के बाहर का है. उक्त विद्यालय में अर्द्धवार्षिक परीक्षा का संचालन हो रहा था. पहली पाली समाप्त होने के बाद जब छात्र-छात्राएं स्कूल से बाहर निकलकर अपने घर जा रहे थे तो रास्ते में स्कूल के बाहर सड़क पर एक लड़का बाइक लगाकर खड़ा था. जिसपर स्कूल के किसी छात्रा से मिलने आने का संदेह था.
इसी कम में स्कूल के अन्य छात्र-छात्राएं वहां पर आ गए और आपस में बहस करते हुए विवाद करने लगे. पुलिस का कहना है कि छेड़खानी या कोई और घटना नहीं हुई है. वीडियो में दिख रहे सभी नाबालिग बच्चे को चिह्नित कर लिया गया है. उनके परिजनों को नोटिस दिया गया है. जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- पटना: अनिल यादव पर फायरिंग का CCTV आया सामने, RJD ने घेरा
