Headlines

अक्टूबर में PM मोदी की बड़ी परीक्षा! SIR, महंगाई और चुनाव पर क्या कहती है भारत की कुंडली?


October Prediction 2026: अक्टूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने केवल विपक्ष की चुनौती नहीं होगी. SIR में मतदाताओं के नाम और दस्तावेजों की गड़बड़ी, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता, महंगाई, किसान आंदोलन और राज्यसभा-विधान परिषद चुनाव, ये सभी मुद्दे एक-दूसरे से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं.

भारत की कुंडली में 12, 16, 23 और 24 अक्टूबर के आसपास बन रही ग्रहस्थिति बताती है कि सरकार कुछ मोर्चों पर बढ़त हासिल करेगी, लेकिन विवाद खत्म नहीं होंगे.

सितंबर में BRICS सम्मेलन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश नीति में मजबूत दिखाई दिए. अक्टूबर में उनकी परीक्षा देश के भीतर होगी. सबसे बड़ा सवाल SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उठेगा.

भारतवर्ष की कुंडली भी दस्तावेज, मतदाता सूची, अदालत और चुनाव आयोग से जुड़े विवाद को अक्टूबर का सबसे संवेदनशील राजनीतिक विषय बता रही है. हालांकि कुंडली SIR के रद्द होने का संकेत नहीं देती. इसके बजाय गलतियां सुधारने, नाम बहाल करने और प्रक्रिया पर अदालत की निगरानी बढ़ने की संभावना अधिक है.

भारत की कुंडली में प्रधानमंत्री और विपक्ष कहां हैं?

मेदिनी ज्योतिष में प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार और शीर्ष प्रशासन को दसवें भाव तथा सूर्य से देखा जाता है. विपक्ष चौथे भाव से, जनता चंद्रमा और चौथे भाव से तथा संसद एवं राजनीतिक सहयोगियों को 11वें भाव से देखा जाता है.

मतदाता सूची और SIR के लिए बुध तथा तीसरा भाव महत्वपूर्ण हैं. चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था के लिए नौवां और दसवां भाव, जबकि उसके खिलाफ कानूनी विवाद के लिए छठा तथा आठवां भाव देखना जरूरी है.

भारत की जन्मकुंडली वृषभ लग्न की है. इसके भावचलित में दसवें भाव का बल केवल 4.29 रूप है, जो सभी भावों में सबसे कम है. इसका अर्थ सरकार का गिरना नहीं, बल्कि शीर्ष प्रशासन और सरकार की प्रतिष्ठा पर बार-बार सवाल उठना है.

इसके विपरीत चौथे भाव का बल 8.63 और तीसरे भाव का 8.36 है. यानी जनता और विपक्ष दोनों पूरी तरह निष्क्रिय नहीं रहेंगे. अक्टूबर में सरकार के फैसलों पर मजबूत सार्वजनिक प्रतिक्रिया आ सकती है.

2026 की वर्षकुंडली में सरकार की कमजोर नस

15 अगस्त 2026, सुबह 6:04:10 बजे, नई दिल्ली की वर्षकुंडली सिंह लग्न की है. इसमें सरकार के दसवें भाव का स्वामी शुक्र कन्या राशि में नीच का होकर दूसरे भाव में बैठा है.

दूसरा भाव देश का खजाना, खाद्य पदार्थ, आमदनी और जनता की आर्थिक हालत बताता है. दसवें भाव का स्वामी यहां कमजोर होने से मोदी सरकार की राजनीतिक प्रतिष्ठा महंगाई और घरेलू बजट से सीधे जुड़ जाती है.

वर्षकुंडली का सूर्य 12वें भाव में है. सूर्य प्रधानमंत्री और सरकार का कारक है. यह स्थिति बताती है कि मोदी सरकार को विदेशी दबाव, ऊर्जा आयात, रक्षा खर्च और पर्दे के पीछे होने वाली बातचीत पर अधिक समय देना पड़ेगा.

लेकिन सूर्य को भारत की जन्मकुंडली में 6.87 रूप का षड्बल मिला है. इसलिए प्रधानमंत्री की निर्णय लेने की क्षमता कमजोर नहीं है. दिक्कत फैसले में नहीं, उसके राजनीतिक और आर्थिक दुष्परिणाम संभालने में होगी.

दशमांश कुंडली सरकार को लेकर क्या बताती है?

भारत की दशमांश यानी D10 कुंडली में सूर्य दसवें भाव में है. यह सरकार और शीर्ष नेतृत्व की सत्ता बनाए रखने की क्षमता को मजबूत करता है. विपक्ष का सरकार को घरेने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ सकती है.

इसी दशमांश में मंगल और केतु छठे भाव से जुड़े हैं. इससे सरकार विरोधियों के खिलाफ आक्रामक रणनीति अपना सकती है और संकट आने पर तेजी से कार्रवाई कर सकती है. लेकिन छठा भाव विवाद, मुकदमा और टकराव भी बढ़ाता है.

दशमांश का शुक्र आठवें भाव में है. यह सरकार की छवि को अचानक चोट लगने, किसी फैसले के उलट पड़ने अथवा सहयोगी और विपक्ष के हाथ कोई नया मुद्दा लगने का संकेत देता है.

इसलिए अक्टूबर में मोदी सरकार संकट से निकल तो सकती है, लेकिन हर बार बिना राजनीतिक नुकसान के नहीं.

SIR में इतनी गड़बड़ियां क्यों सामने आ रही हैं?

भारत की वर्षकुंडली में बुध दूसरे और 11वें भाव का स्वामी होकर 12वें भाव में बैठा है. वह गुरु से केवल 43 कला की दूरी पर है. इतनी कम दूरी बुध और गुरु के बीच मजबूत संबंध बनाती है.

बुध नाम, संख्या, पता, डेटा और चुनावी रिकॉर्ड का ग्रह है. गुरु कानून, न्यायिक प्रक्रिया और सुधार का कारक है. दोनों का 12वें भाव में होना बताता है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी के बाद कानूनी उपाय और अपील का रास्ता खुलेगा, लेकिन प्रक्रिया लंबी तथा खर्चीली होगी.

भारत की जन्मकुंडली में बुध का षड्बल 6.80 है, जबकि उसकी न्यूनतम आवश्यकता 7 रूप है. यह मामूली कमी है, लेकिन रिकॉर्ड, आंकड़े और सरकारी संचार में गलती होने की संभावना बढ़ाती है.

पश्चिम बंगाल में सूची से बाहर हुए मतदाताओं में बड़ी संख्या को अपील के बाद राहत मिलना इसी संकेत से मेल खाता है. लाखों अपील लंबित होने से चुनाव आयोग की प्रक्रिया और पारदर्शिता पर सवाल भी बने हुए हैं.

12 अक्टूबर: मंगल-बुध का सीधा संपर्क

गोचर का मंगल 12 अक्टूबर के आसपास कर्क राशि में 13 अंश 41 कला पर पहुंचेगा. भारत का जन्मकालीन बुध भी कर्क में 13 अंश 41 कला पर है. यानी इस दिन मंगल और जन्मकालीन बुध का लगभग सटीक संपर्क बनेगा.

यही अक्टूबर में SIR, मतदाता सूची और चुनाव आयोग के लिए सबसे महत्वपूर्ण ग्रहस्थिति है.

मंगल किसी गलती या विवाद को अचानक बड़ा कर सकता है. किसी उम्मीदवार का नामांकन, मतदाता सूची, सॉफ्टवेयर डेटा, चुनाव चिह्न, अदालत में दाखिल दस्तावेज या चुनाव आयोग की सफाई राजनीतिक विस्फोट बन सकती है. इसलिए 9 से 12 अक्टूबर के बीच चुनावी रिकॉर्ड अथवा उम्मीदवार को लेकर कानूनी और राजनीतिक विवाद संभव है.

9 अक्टूबर से मुद्दा दशा में बड़ा बदलाव

9 अक्टूबर तक भारत की वर्षकुंडली में राहु की मुद्दा दशा रहेगी. राहु वर्षकुंडली के सातवें भाव में है. इससे राजनीतिक ध्रुवीकरण, विपक्ष के आरोप और असामान्य गठबंधन का वातावरण बन सकता है.

9 अक्टूबर से गुरु की मुद्दा दशा शुरू होगी, जो 26 नवंबर तक चलेगी. गुरु उच्च का होकर 12वें भाव में है. इससे अदालत, वरिष्ठ अधिकारी या किसी संवैधानिक प्रक्रिया के जरिए समाधान का रास्ता निकलेगा, लेकिन तुरंत नहीं.

गुरु की मुद्दा दशा के भीतर अक्टूबर की अंतर्मुद्दाएं अधिक स्पष्ट तस्वीर देती हैं:

9 से लगभग 15 अक्टूबर: अदालत, कानून और सुधार की दिशा में पहल.
15 से लगभग 23 अक्टूबर: चुनाव, शिकायत, देरी और विपक्ष का दबाव.
23 से लगभग 30 अक्टूबर: SIR, मतदाता रिकॉर्ड, चुनाव परिणाम और तकनीकी विवाद.
30 अक्टूबर के बाद: अचानक फैसला, नाम कटने-जुड़ने या किसी प्रक्रिया में बदलाव की संभावना.

यही गणना बताती है कि SIR विवाद अक्टूबर के पहले सप्ताह में समाप्त नहीं होगा. इसका सबसे पेचीदा दौर 23 से 30 अक्टूबर के बीच आ सकता है. यानी ये मामला पूरे महीने छाया रहेगा.

चुनाव आयोग के लिए 23 से 30 अक्टूबर क्यों कठिन?

24 अक्टूबर के आसपास गोचर का बुध तुला राशि में लगभग 26 अंश पर स्थिर होकर वक्री होने लगेगा. उसी समय वर्षफल में गुरु-बुध की अंतर्मुद्दा शुरू होगी.

बुध का स्थिर होकर दिशा बदलना दस्तावेज, डेटा और पहले जारी आदेश की समीक्षा का संकेत माना जाता है. इसलिए चुनाव आयोग को पुरानी सूची, नोटिस, अपील या किसी निर्णय पर दोबारा विचार करना पड़ सकता है.

वर्षकुंडली में आयोग और सरकार से जुड़ा दसवां स्वामी शुक्र नीच का है. उसका शनि से विरोधी ताजिक संबंध भी बन रहा है. शनि बड़े जनसमूह, शिकायत और देरी का कारक है.

यह स्थिति चुनाव आयोग पर विपक्ष के हमले को मजबूत करती है. आयोग की कार्यप्रणाली अदालत में चुनौती पा सकती है, लेकिन संस्था का काम पूरी तरह रुकता नहीं दिखता. जन्मकुंडली में शुक्र को 7.98 रूप का मजबूत षड्बल मिला है, इसलिए आयोग दबाव के बावजूद चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा. यानी आयोग का काम जारी रहेगा, लेकिन विश्वसनीयता पर चोट और सुधार का दबाव बढ़ेगा.

विपक्ष की ताकत का ज्योतिषीय आधार

वर्षकुंडली में विपक्ष का चौथा भाव वृश्चिक राशि का है. इसका स्वामी मंगल 11वें भाव में बैठा है. 11वां भाव संसद, विधानमंडल, सहयोगी दल और राजनीतिक नेटवर्क का होता है.

यह स्थिति विपक्ष को अक्टूबर में मुद्दे और समर्थन जुटाने की क्षमता देती है. वह SIR, महंगाई और किसान आंदोलन को संसद तथा चुनावी राज्यों तक ले जा सकता है.

लेकिन मंगल सिंह लग्न की वर्षकुंडली में योगकारक भी है. इसलिए विपक्ष का हमला कई बार सरकार को अपनी गलती सुधारने और नया फैसला लेने के लिए मजबूर करेगा. इसका पूरा लाभ विपक्ष को ही मिलेगा, यह तय नहीं है.

सप्तम भाव का राहु कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और क्षेत्रीय दलों जैसे असामान्य गठबंधन की चर्चा बढ़ा सकता है. लेकिन सप्तमेश शनि आठवें में होने से सीट बंटवारे, नेतृत्व और भरोसे को लेकर खींचतान बनी रहेगी.

विपक्ष मोदी सरकार को घेरने में सफल होगा, मगर अक्टूबर में स्थायी और भरोसेमंद राष्ट्रीय गठबंधन बनता नहीं दिखता.

महंगाई का दबाव क्यों जल्दी खत्म नहीं होगा?

राष्ट्रीय धन और खाद्य कीमतों को दूसरे भाव, चंद्रमा, बुध तथा शुक्र से देखा जाता है. वर्षकुंडली के दूसरे भाव में नीच का शुक्र है और दूसरे भाव का स्वामी बुध 12वें भाव में है.

यह स्थिति घरेलू खर्च, खाद्यान्न, ईंधन और आयात की लागत बढ़ाती है. उच्च का गुरु भी 12वें भाव में होने से सरकार राहत देने की कोशिश करेगी, लेकिन उससे सरकारी खर्च बढ़ेगा. महंगाई विपक्ष के हाथ से अक्टूबर में नहीं निकलेगी.

24 से 29 अक्टूबर: आंदोलन और जनाक्रोश का समय

24 अक्टूबर के आसपास मंगल भारत के जन्मकालीन शनि 20 अंश 26 कला के ऊपर से गुजरेगा. शनि भावचलित में चौथे भाव में है. यह जनता, कृषि भूमि, सार्वजनिक शांति और घरेलू व्यवस्था से जुड़ा है.

28 से 29 अक्टूबर के आसपास मंगल जन्मकालीन शुक्र 22 अंश 34 कला के करीब होगा. शुक्र भारत का लग्नेश है और सबसे अधिक षड्बल वाला ग्रह है. यह आम जीवन, बाजार, वाहन, महिलाएं और सार्वजनिक सुविधा दिखाता है.

इस अवधि में आंदोलन के साथ परिवहन, बाजार, महिला सुरक्षा या भीड़ वाली जगह पर हुई घटना जनाक्रोश का कारण बन सकती है. विपक्ष इसे उत्तर प्रदेश और पंजाब के चुनाव से जोड़ने की कोशिश करेगा.

सरकार चुनौतियों पर पाएगी विजय ?

भारत की चतुर्थांश यानी D4 कुंडली में केतु चौथे और राहु दसवें भाव में है. इससे भूमि, घरेलू शांति और प्रशासन के बीच भरोसे की समस्या दिखाई देती है. लेकिन मंगल 11वें और शनि अपनी मकर राशि में छठे भाव में है. इसलिए सरकार चुनौती पर नियंत्रण पा सकती है.

दशमांश D10 में सूर्य दसवें भाव में होने से नेतृत्व बचा रहता है. वहीं शुक्र आठवें और शनि सातवें भाव में होने से प्रतिष्ठा तथा विपक्ष का दबाव कम नहीं होता.

वाहन और सार्वजनिक ढांचे से जुड़ी D16 कुंडली में मंगल चौथे और बुध 12वें भाव में है. अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मंगल-शनि और मंगल-शुक्र सक्रिय होने पर रेलवे, सड़क, भारी वाहन और भीड़-प्रबंधन में सावधानी जरूरी होगी.

PM मोदी के लिए अक्टूबर कैसा रहेगा ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अक्टूबर का महीना आंशिक कार्यसिद्धि वाला रह सकता है यानी सत्तापक्ष को संख्या तथा संगठन का लाभ मिलेगा, लेकिन परिणाम पूरी तरह निर्विवाद नहीं रहेगा. 

मोदी सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण तारीखें 12, 16, 23-24 और 28-29 अक्टूबर हैं. 12 अक्टूबर को SIR अथवा दस्तावेज का विवाद, 16 अक्टूबर को सत्ता की संख्या परीक्षा, 23-24 अक्टूबर को चुनाव आयोग तथा रिकॉर्ड की चुनौती और 28-29 अक्टूबर को जनाक्रोश या सार्वजनिक व्यवस्था का दबाव सामने आ सकता है.

अक्टूबर की कुंडली यही कहती है कि मोदी सरकार राजनीतिक बढ़त बचा सकती है, लेकिन SIR और महंगाई की कीमत चुकाए बिना नहीं. विपक्ष के पास मुद्दे होंगे, सरकार के पास संगठन, जनता का भरोसा उसी को मिलेगा जो गलती मानकर उसे जल्दी सुधार सके.

Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *