राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) के चुनाव में इस बार क्रिकेट से ज्यादा सियासी परिवारों की चर्चा है. RCA की नई कार्यकारिणी के लिए 30 नामांकन वैध होने के बाद मुकाबला और तेज हो गया है. अध्यक्ष पद पर पांच दावेदार मैदान में हैं.
इनमें बीजेपी से जुड़े बड़े राजनीतिक परिवारों के चेहरे भी शामिल हैं. यह चुनाव क्रिकेट प्रशासन के साथ राजनीतिक परिवारों के प्रभाव का मुकाबला माना जा रहा है.
यह भी पढ़ें: जोधपुरः मंत्री शेखावत से मुलाकात के बाद बनी सहमती, काम पर लौटे एम्स के डॉक्टर्स
बीजेपी के कई दिग्गज मैदान में
राज्य की भजन लाल शर्मा सरकार के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के बेटे धनंजय सिंह खींवसर और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के बेटे पराक्रम सिंह राठौड़ अध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदारों में हैं. बीजेपी विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव का नाम भी अध्यक्ष पद की दौड़ में रहा है. इसके अलावा एल्डर कमेटी के पूर्व चेयरमैन डीडी कुमावत और बृजकिशोर शर्मा भी इस पद के लिए मैदान में हैं. नामांकन के दौरान ही अलग-अलग खेमों की तस्वीर सामने आने लगी थी. नामांकन वैध होने के बाद समर्थन जुटाने की कोशिश तेज हो गई है.
मंत्री के बेटे भी दौड़ में
नेताओं के बेटों की मौजूदगी अध्यक्ष पद तक सीमित नहीं है. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बेटे पवन दिलावर ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है. राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी कोषाध्यक्ष पद की दौड़ में हैं. बीजेपी विधायक जसवंत यादव के बेटे मोहित यादव ने भी सचिव और उपाध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की है. मंत्री ओटाराम देवासी के बेटे विक्रम देवासी और पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय के बेटे प्रेम प्रताप मालवीय के नाम भी RCA चुनाव से जुड़े हैं.
RCA में दबदबा बनाने की कोशिश
यानी बीजेपी से जुड़े नेताओं के परिवारों के कई चेहरे इस बार क्रिकेट की राजनीति में सक्रिय हैं. राजनीतिक परिवार अपने बेटों और परिवार के सदस्यों के जरिए RCA में प्रभाव बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं. चुनाव के नतीजे यह भी तय करेंगे कि आने वाले समय में राजस्थान क्रिकेट के प्रशासन में किस खेमे की पकड़ मजबूत होती है.
इस चुनाव में 38 वोटर अहम हैं. इनमें 34 जिला क्रिकेट संघों के सचिव शामिल हैं. इसके अलावा जयपुर और नागौर की एडहॉक कमेटियों के कन्वीनर और दो पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी वोट डालेंगे. इन्हीं वोटरों को साधने के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है. जिला संघों के सचिवों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और पदों को लेकर तालमेल की कोशिशें चल रही हैं.
29 सितंबर को होगा मतदान
RCA के छह पदों के लिए 29 सितंबर को मतदान होना है. मतदान के बाद इसी दिन मतगणना होगी. इसलिए अगले दो दिन चुनावी समीकरणों के लिहाज से अहम माने जा रहे हैं. अध्यक्ष पद के साथ सचिव, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पदों के समीकरण भी इसी दौरान तय हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: CEC विवाद पर CM भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर हमला, ‘बिना फैक्ट…’
