Headlines

ममता पर शुभेन्दु का तंज, कहा “एक हाथ में जमात तो दूसरे में दिमागी नक्सल”


पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को ‘INDIA’ गठबंधन की बैठक के लिए ममता बनर्जी के प्रस्तावित दिल्ली दौरे को लेकर उन पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि वह ‘एक हाथ में जमात और दूसरे में दिमागी नक्सल’ को लेकर आगे बढ़ रही हैं.

 

अधिकारी ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दिल्ली जाकर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) नेताओं के साथ ‘नई साजिश’ रचने वाली हैं. उन्होंने दिल्ली पुलिस और खुफिया ब्यूरो से उनकी गतिविधियों पर नजर रखने का आग्रह किया. अधिकारी का यह बयान निर्वाचन आयोग को लेकर विपक्षी दलों के बीच बढ़ते समन्वय के बीच आया है, जिनमें तृणमूल कांग्रेस और CPM शामिल है.

 

SIR चुनाव आयुक्त के हालिया मामले को लेकर विपक्ष की मीटिंग

तृणमूल कांग्रेस और CPM समेत विपक्षी दलों ने निर्वाचन आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज कर दी है. ममता बनर्जी ने CPM महासचिव एम ए बेबी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत की है. वह 30 सितंबर को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (INDIA) की बैठक में शामिल हो सकती हैं, जिसमें विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होगी. 

 

CPM नेताओं से मिलेंगी ममता बनर्जी

 

वाम दलों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री के संपर्क को लेकर अधिकारी ने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि उनका दिल्ली दौरा CPM नेताओं के साथ मिलकर ‘नई साजिश’ रचने के उद्देश्य से है.अधिकारी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम से इतर कहा, ‘‘लोग पहले भी दिल्ली गए हैं. वह CPM नेताओं के साथ नई साजिश रचने के लिए दिल्ली जा रही हैं.”

 

उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली पुलिस और केंद्रीय खुफिया ब्यूरो (IB) से अनुरोध करूंगा कि वे नजर रखें, ताकि फिर से किसी राष्ट्र-विरोधी ताकत के साथ कोई बैठक न हो.’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘अब उनके मुख्य सलाहकार दिमागी नक्सल हैं. उनके एक हाथ में जमात और दूसरे में दिमागी नक्सल हैं—वह दोनों के साथ आगे बढ़ रही हैं.’’ ये टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब पश्चिम बंगाल में दशकों से एक-दूसरे के कट्टर प्रतिद्वंद्वी रहे तृणमूल कांग्रेस (TMC) और CPM के बीच असामान्य राजनीतिक समीकरण देखने को मिल रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *