टीवी सीरियल्स के अपकमिंग एपिसोड में इस हफ्ते कई बड़े ट्विस्ट और ड्रामे देखने को मिलेंगे. ‘वसुधा’, ‘अनुपमा’, ‘गंगा माई की बेटियां’ और ‘तुम से तुम तक’ में प्यार, रिश्तों में तनाव और कई चौंकाने वाले खुलासे कहानी को नया मोड़ देंगे. आइए जानते हैं पॉपुलर टीवी सीरियल्स में आगे क्या कुछ खास होने वाला है.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में फूल के मन में देव को लेकर बढ़ती दिलचस्पी नई परेशानी खड़ी करेगी. देव को खांसी आने पर फूल तुरंत उनके लिए पानी लेकर आएगी, जिसे देखकर अविनाश को शक होगा कि वो देव को पसंद करने लगी है. इसके बाद अविनाश वसुधा को सलाह देगा कि वो फूल को देव और अपनी शादी का सच बता दे, लेकिन वसुधा मिशन की वजह से ऐसा करने में कशमकश में पड़ जाएगी. वहीं, बड़े हुकुम की सेहत में भी सुधार के संकेत मिलेंगे और वो होश में आने की कोशिश करते नजर आएंगे.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के लोकप्रिय शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में आरवी की तबीयत अचानक बिगड़ जाएगी और अनुपमा उसे आराम करने के लिए कैफे में ही रुकने को कहेगी. वहीं, आरवी के कैफे में बढ़ते इंटरेस्ट को लेकर राही और अनुपमा के मन में भी शक पैदा होगा. दूसरी तरफ, अंश और प्रेरणा के बीच अनुपमा की EMI को लेकर बहस होगी, जिसके बाद अनुपमा अपने पोते अंश के बचाव में उतरकर प्रेरणा को समझाएगी. वहीं गौतम और माही के बीच भी तीखी बहस देखने को मिलेगी, जहां माही उसके आरोपों का करारा जवाब देगी.
ये भी पढ़ें:- ‘लव एंड वॉर’ ने रिलीज से पहले किया बड़ा धमाका, 300 करोड़ में बिके थिएट्रिकल राइट्स
‘गंगा माई की बेटियां’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के अपकमिंग एपिसोड में दर्शकों को जबरदस्त ड्रामा देखने को मिलने वाला है. सहाना को जहर देने की सच्चाई सामने आने के बाद मुरली अपनी ही मां के खिलाफ खड़ा होगा और पुलिस बुलाकर उसे गिरफ्तार करवा देगा. वहीं, जेल में बंद स्नेहा, इंदु और कौशल्या की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं. ऐसे में सिद्धांत यानी सिद्धू तीनों को बचाने के लिए बड़ा कदम उठाएगा और उन्हें जेल से बाहर निकालने की कोशिश करेगा. अब देखना होगा कि सिद्धू कैसे स्नेहा, इंदु और कौशल्या को बचाता है और इस पूरे मामले के बाद कहानी किस मोड़ पर पहुंचती है.
‘तुम से तुम तक’
ज़ी टीवी के शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में कई बड़े ड्रामे और रोमांटिक ट्विस्ट देखने को मिलेंगे. आर्यवर्धन और अनु सारे गम भूलकर एक-दूसरे के साथ रोमांटिक पल बिताएंगे, जहां आर्यवर्धन अपने प्यार का इजहार करते हुए कहेगा कि वो अनु के बिना एक पल भी नहीं रह सकता. वहीं, अनु आरएस सर की कंपनी को बचाने और आर्यवर्धन को बेगुनाह साबित करने के लिए हीरा मैम के खिलाफ बड़ा कदम उठाएगी और पुलिस को साथ लाने की धमकी देगी. दूसरी तरफ, ड्राइवर के सच कबूल करने से आर्यवर्धन की बेगुनाही साबित होने की उम्मीद बढ़ जाएगी. वहीं मानसी की नकली प्रेग्नेंसी का भी पर्दाफाश होने वाला है. डॉक्टर और पुष्पा मिलकर हर्ष के सामने उसका झूठ उजागर करेंगे, जिसके बाद हर्ष के पैरों तले जमीन खिसक जाएगी.
ये भी पढ़ें:- PHOTOS: ब्लैक गाउन और सिर पर क्राउन, ऐश्वर्या राय बच्चन का रॉयल लुक देख थम जाएंगी नजरें
