धाकड़ बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में रेलवे टीम का साथ छोड़ दिया है. इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले आशुतोष ने गुजरात की टीम को जॉइन किया है. आशुतोष ने यह फैसला रणजी सीजन शुरू होने से ठीक पहले लिया है. रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन की शुरुआत 11 अक्टूबर से होने वाली है. हालांकि आशुतोष गुजरात के लिए सिर्फ व्हाइट बॉल टूर्नामेंट में खेलते नजर आ सकते हैं.
आशुतोष की गुजरात टीम में एंट्री को नए हेड कोच मोंटी देसाई से भी जोड़ा जा रहा है. मोंटी देसाई ने रमेश पवार की जगह लेकर गुजरात टीम के हेड कोच बने हैं. बताया जा रहा है कि पवार ने भारत की मेंस जूनियर टीम के सेलेक्शन पेनल के लिए आवेदन किया है.
दूसरी ओर आशुतोष शर्मा की बात करें तो वह मध्य प्रदेश से आते हैं. उन्होंने मध्य प्रदेश से ही अपने लिस्ट-ए और टी20 करियर की शुरुआत की थी, लेकिन बाद में रेलवे टीम को जॉइन कर लिया. उन्होंने खुद कहा था कि मौकों के अभाव के चलते उन्होंने मध्य प्रदेश की टीम छोड़ी थी.
आशुतोष हाल ही में इंग्लैंड के वनडे कप में खेलते दिखे थे. वहां उनका प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा, क्योंकि 7 पारियों में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर सिर्फ 16 रन रहा था.
आशुतोष का करियर
28 वर्षीय आशुतोष शर्मा एक बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं और अपनी दमदार बल्लेबाजी के दम पर दुनिया में धाक जमाई है. IPL में उन्होंने पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया है और आमतौर पर एक लोवर-मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज और फिनिशर का रोल निभाते हुए नजर आते हैं.
अब तक अपने 8 मैचों के फर्स्ट-क्लास करियर में उन्होंने 370 रन बनाए हैं. उन्होंने केवल 8 मैच खेले हैं, लेकिन फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में उनका स्ट्राइक रेट 105.11 का है. वहीं 28 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम 518 रन हैं. आशुतोष एक टी20 फॉर्मेट के बल्लेबाज बनकर उभरे हैं, इसलिए सबसे छोटे फॉर्मेट में उनके आंकड़े बेहतर हैं. 62 मैचों में उनके नाम 1277 रन हैं और उनका टी20 स्ट्राइक रेट 176.13 का है.
यह भी पढ़ें:
हरमनप्रीत कौर ने छोड़ी टीम इंडिया की कप्तानी, अचानक फैसले से दुनिया हैरान
