उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा दिल दहला देने वाला और भावुक मामला सामने आया है, जिसने माता-पिता और बच्चों के पवित्र रिश्ते पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस बेटे को एक बुजुर्ग दंपत्ति ने गोद लेकर बड़े नाजों से पाला-पोसा, उसी गोद लिए बेटे और बहू पर अपने ही बूढ़े माता-पिता को बेघर करने का संगीन आरोप लगा है.
पीड़ित बुजुर्ग दंपत्ति का आरोप है कि उनके बेटे और बहू ने छल-कपट से उनका मकान लगभग 46 लाख रुपये में बेच दिया और फिर उन्हें पाई-पाई का मोहताज बनाकर बेसहारा छोड़ दिया. कभी अपने खुद के पक्के मकान में रहने वाले यह बुजुर्ग आज वृद्धाश्रम के छप्पर के नीचे दिन काटने को मजबूर हैं.
1,000 से ज्यादा वीडियो बनाकर इंटरनेट पर गुहार, लेकिन अभी भी न्याय का इंतजार
अपनी बेबसी और दुखभरी दास्तान को दुनिया के सामने लाने के लिए इस बुजुर्ग दंपत्ति ने सोशल मीडिया को अपना सहारा बनाया. साल 2022 से लेकर अब तक, यानी पिछले दो-तीन सालों में वे 1,000 से भी ज्यादा वीडियो बनाकर इंटरनेट पर शेयर कर चुके हैं. हर वीडियो में उनकी आंखों में बहते आंसू, कांपती आवाज और अपने ही बच्चों की बेरुखी की कहानी किसी के भी कलेजे को चीर देने के लिए काफी है.
वे बार-बार सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए गुहार लगा रहे हैं कि शायद कोई उनकी आवाज सुने और उन्हें इस उम्र में इंसाफ दिला सके. लेकिन इतने सारे वीडियोज के बावजूद वे आज भी केवल एक अदद सुनवाई और अपनों के प्यार के लिए तरस रहे हैं.
घर बिका, रिश्ते टूटे और अब बेबसी के आंसू
आगरा का यह मामला सामने आने के बाद इंटरनेट पर लोग भावुक होने के साथ-साथ बेहद गुस्से में भी हैं. जिस बेटे को बुढ़ापे की लाठी बनना था, वही अपने बूढ़े मां-बाप के सिर से छत छीनने का कारण बन गया. 46 लाख रुपये की खातिर एक परिवार बिखर गया और दो बुजुर्ग जिंदगी के इस आखिरी पड़ाव में अपनों के दिए जख्म सह रहे हैं.
यह दर्दनाक वाकया समाज के सामने यह कड़वा सवाल खड़ा कर रहा है कि क्या बुजुर्ग माता-पिता के प्रति बच्चों की जिम्मेदारी कानून और पैसों के आगे खत्म हो जाती है? सोशल मीडिया पर लोग इस लाचार दंपत्ति के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं और जिला प्रशासन से दोषी बेटे-बहू पर सख्त कार्रवाई करने की अपील कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बारिश होते ही बेंगलुरू में 1200 के पार पहुंचा ऑटो किराया, इंटरनेट पर मचा बवाल
यूजर्स का फूटा गुस्सा, मां बाप को दे डाली सलाह
वीडियो को sarcastic_engineerr नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…ऐसी औलाद भगवान किसी को न दे. एक और यूजर ने लिखा…ऐसे बच्चों को भगवान का डर भी नहीं है. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…इन बच्चों को लिए लोग इतना जोड़ते हैं, खाओ पिओ और उड़ाओ.
यह भी पढ़ें: कचरा छोटा, सीख बड़ी… दादर स्टेशन पर यात्रियों ने बैग में रखा कूड़ा
