भारत का ‘देसी जुगाड़’ और यहाँ का रंग-रंगीला कल्चर विदेशी सैलानियों के सिर चढ़कर बोल रहा है! सोशल मीडिया पर इस वक्त नॉर्वे से आए 61 विदेशी टूरिस्टों का एक ऐसा ही अतरंगी ग्रुप छाया हुआ है, जो किसी लग्जरी बस या चमचमाती मर्सिडीज में नहीं, बल्कि तीन पहियों वाले रंग-बिरंगे ऑटो-रिक्शा (टुक-टुक) में बैठकर पूरे भारत की सैर कर रहे हैं. गुजरात के नेशनल हाईवे पर जब लोगों ने ऑटो चला रहे विदेशी मैडम-सर को देखा तो हर कोई भौचक्का रह गया.
हद तो तब हो गई जब इस ग्रुप के साथ ऑटो चला रहे नॉर्वे के पोरसैंजर (Porsanger) शहर के मेयर जो इंगे हेसजेविक (Jo Inge Hesjevik) और उनके साथी ओयविंड हेसजेविक (Oyvind Hesjevik) सड़क किनारे टपरी पर बड़े चाव से ‘देसी कुल्हड़ चाय’ की चुस्कियां लेते नजर आए! चाय पीते मेयर साहब का यह वीडियो देखते ही देखते इंटरनेट पर ट्रेंड करने लगा है.
37 ऑटो-रिक्शा में 61 फिरंगी, नॉर्वे के मेयर बने ‘ड्राइवर’!
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर ओयविंड हेसजेविक (@oyvindhesjevik) अपने इंस्टाग्राम पर इस अनोखी यात्रा के पल-पल की अपडेट शेयर कर रहे हैं. गुजरात के लिमड़ी इलाके में जब एक लोकल यूट्यूबर ने इस काफिले को रोका, तो पता चला कि यह कोई साधारण सैलानी नहीं हैं. नॉर्वे के मेयर साहब खुद ऑटो का हैंडल थामकर भारत के कोने-कोने में ऑटो दौड़ा रहे हैं.
61 विदेशी पर्यटकों का यह दल कुल 37 ऑटो-रिक्शा के साथ हजारों किलोमीटर लंबी ‘ऑटो रोड ट्रिप’ पर निकला है. गुजरात के गांवों से लेकर गोवा के बीच तक, यह पूरा ग्रुप ऑटो की पटर-पटर आवाज के साथ भारत का स्वाद चख रहा है.
सड़क किनारे टपरी पर ‘कुल्हड़ चाय’ का लुत्फ, लोग बोले ‘मेयर साहब तो बिल्कुल देसी निकले!’
वीडियो में सबसे मजेदार सीन तब देखने को मिलता है जब हाई-प्रोफाइल नॉर्वेजियन मेयर और ओयविंड किसी चमचमाते होटल में जाने के बजाय हाईवे किनारे बनी एक छोटी सी चाय की टपरी पर रुक जाते हैं. हाथ में गरमा-गरम चाय का कुल्हड़ थामे और चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान लिए मेयर साहब की सादगी ने हर भारतीय का दिल जीत लिया है. भारतीय गाड़ियों के हॉर्न की आवाज, धूल और हाईवे का माहौल… इसके बावजूद सभी विदेशी टूरिस्ट भारत के इस ‘रफ एंड टफ’ अंदाज को खूब एन्जॉय कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बारिश होते ही बेंगलुरू में 1200 के पार पहुंचा ऑटो किराया, इंटरनेट पर मचा बवाल
सोशल मीडिया पर मजे ले रहे यूजर्स: ‘अब ऑटो में भी वीआईपी कल्चर!’
जैसे ही यह वीडियो इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल हुआ, नेटिजन्स ने कमेंट्स में ठहाकों की झड़ी लगा दी. लोग नॉर्वेजियन मेयर और ओयविंड के इस अनोखे जूनून की जमकर तारीफ कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा: “भाई साहब.. नॉर्वे के मेयर हमारे देश में आकर ऑटो चला रहे हैं और हम यहां कार के सपने देख रहे हैं. इसे कहते हैं असली लाइफ एन्जॉय करना.” दूसरे यूजर ने कमेंट किया… “टपरी पर चाय पीते हुए मेयर साहब का स्वैग तो देखो. भारत का जादू ही ऐसा है, जो भी आता है यहीं का होकर रह जाता है.”
यह भी पढ़ें: कचरा छोटा, सीख बड़ी… दादर स्टेशन पर यात्रियों ने बैग में रखा कूड़ा
