Headlines

UP में 25 फरवरी के बाद होंगे विधानसभा चुनाव? इस वजह से लग रहे कयास!


उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है. अब लोगों के जेहन में सवाल है कि आखिर चुनाव होंगे कब और नतीजे कब तक आएंगे? इस बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तारीखें घोषित हो गईं हैं जिसके बाद यूपी में विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गईं हैं. 

माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 5 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और 24 फरवरी 2027 को समाप्त होंगी. 

अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि विधानसभा चुनाव 25 फरवरी के बाद होंगे. बता दें मौजूदा सरकार का गठन 25 मार्च 2022 को हुआ था. इसी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी कैबिनेट के साथ शपथ ली थी, जबकि विधासभा का प्रथम सत्र 23 मई 2022 को आयोजित हुआ था यानी 18वीं विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है. इसका सीधा मतलब है कि सूबे में 22 मई, 2027 से पहले पहले नई सरकार का गठन लाजमी है. 

अहम बात ये है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी होने के बाद राजनीतिक गलियारों में विधानसभा चुनाव की तारीखों को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है. हालांकि, इसे लेकर किसी भी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं है. चुनाव कब होंगे, इसका फैसला भारत निर्वाचन आयोग करेगा. ऐसे में 24 फरवरी को बोर्ड परीक्षाएं समाप्त होने के आधार पर यह मान लेना जल्दबाजी होगी कि 25 फरवरी के बाद ही विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी.

2012, 2017, 2022 में कब हुए चुनाव और बोर्ड परीक्षाएं?

दरअसल, बीते विधानसभा चुनावों के दौरान बोर्ड परीक्षाएं मार्च के आखिरी हिस्से और अप्रैल में हुईं, जबकि विधानसभा का चुनाव फऱवरी और मार्च में हुए. ऐसे में अतीत के चुनाव की टाइमिंग इस ओर इशारा करते हैं कि इस बार चुनाव बोर्ड परीक्षा के बाद हों. 25 फरवरी से 15 मार्च के बीच चुनाव हो सकते हैं, लेकिन ये महज आकलन ही होगा.

पिछले तीन 2012, 2017 और 2022 चुनावों के और बोर्ड परीक्षाओं की बात करें तो साल 2012 में विधानसभा चुनाव फरवरी से मार्च के बीच हुए, जबकि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हुईं. मतलब चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बोर्ड परीक्षाएं शुरू हुईं. 

साल 2017 में विधानसभा चुनाव 11 फरवरी से 8 मार्च तक चले और बोर्ड परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू हुईं. साल 2022 में विधानसभा चुनाव 10 फरवरी से 7 मार्च तक हुए, जबकि बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च से शुरू हुईं. इस तरह तीनों वर्षों में विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हुईं लेकिन इस बार इसके उलट कयास लगाए जा रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *