बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में एक के बाद एक गिरफ्तारियां हो रही हैं. पुलिस ने पहले राजस्थान के कोटा से तीनों हमलावरों को अरेस्ट किया था. इसके बाद और भी कई लोग अरेस्ट किए गए. पुलिस ने इस केस में हरियाणा के सोनीपत के दो हथियार सप्लायर्स सुमित और कुणाल को भी अरेस्ट किया. हालांकि अब सुमित की मां ने ने बेटे का बचाव करते हुए उसे बेकसूर बताया है.
सुमित को बहला-फुसलाकर ले गया था कुणाल
बता दें कि सुमित और कुणाल की गिरफ्तारी दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने की. इस कार्रवाई के बाद एबीपी न्यूज से बातचीत में सुमित की मां आशा ने बड़ा खुलासा किया है. सुमित के परिवार ने बताया कि उनके बेटे को कुणाल अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया था. सुमित के इस मामले में शामिल होने से परिवार ने इनकार कर दिया और बताया कि वो पिछले तीन साल से एक कपड़ा शॉप पर काम कर रहा था. यहीं से उसका कुणाल से संपर्क हुआ.
सुमित अपने परिवार के साथ सोनीपत के खरखोदा में किराए के मकान में रहता है. सुमित के पिता एक ईंट भट्ठे पर मजदूर हैं. जबकि सुमित की मां खुद भी मजदूरी करती हैं. सुमित के परिवार के मुताबिक कुणाल के गांव के एक नितिन नाम के शख्स ने कुणाल और सुमित की मुलाकात करवाई थी. सुमित की मां के मुताबिक उनके बेटे को पुलिस घर से पूछताछ के बहाने ले गई और बाद में फोन करके बताया कि उनके बेटे को अरेस्ट कर लिया गया है और उसकी जमानत करा लें.
हमारे पास मुंबई जाने तक के पैसे नहीं
सुमित की मां ने बताया कि सुमित ने उनसे कहा था कि वो नितिन के साथ खाटू श्याम जी के मंदिर जा रहा है. दोनों वहां गए भी थे और अगले दिन घर आ गए थे. सुमित की मां आशा की माने तो उनके घर की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है. उनके पास मुंबई जाने तक के पैसे नहीं है. बेटे की गिरफ्तारी पर आशा मीडिया के कैमरों के सामने ही रोने लगीं और सरकार एवं मीडिया से बेटे को छुड़ाने की गुहार लगाई.
