‘रामायण’ न सिर्फ बॉलीवुड बल्कि भारतीय सिनेमा की इस साल की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली फिल्मों में से एक है. भगवान राम की गाथा को कहने वाली ये फिल्म दुनियाभर में अपना जादू चलाने के लिए तैयार है. अब इस फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. आइए जानते है कि एडवांस बुकिंग में फिल्म का प्रदर्शन कैसा है?
‘रामायण’ ने एडवांस बुकिंग में की 5.75 करोड़ की कमाई
बता दें कि रामायण की एडवांस बुकिंग की शुरुआत मंगलवार, 20 अक्टूबर को विजयादशमी के खास मौके पर शुरू हुई थी. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने अब तक एडवांस बुकिंग में 5.75 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है. एडवांस बुकिंग में कमाई का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. ब्लॉक सीटों के बिना ये आंकड़ा 3.92 करोड़ रुपये होता है. हिंदी वर्जन में 5.44 करोड़ रुपये, तेलुगु में 66,900 और कन्नड़ वर्जन में 29.99 लाख रुपये की कमाई हुई.
1 लाख के करीब टिकट बिके, 2770 तक पहुंची कीमत
अब तक रामायण के एडवांस बुकिंग में कुल 97,481 टिकट बुक चुके हैं. ये टिकट्स 3,470 शोज के लिए बिके हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई में रामायण के लिए टिकटों की कीमत 2770 रुपये तक पहुंच चुकी है. मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में फिल्म के लिए गजब का क्रेज देखा जा रहा है.
यश रावण तो श्री राम बने रणबीर
बता दें कि रामायण में भारतीय सिनेमा के दो बड़े स्टार रणबीर कपूर और यश एक दूसरे से भिड़ते हुए नजर आएंगे. ‘केजीएफ’ और ‘केजीएफ 2’ जैसी फिल्मों से दुनियाभर में पॉपुलर हुए यश ने रामायण में लंकापति रावण का किरदार निभाया है. वहीं ‘एनिमल’ स्टार रणबीर कपूर मूवी में भगवान श्री राम के किरदार में नजर आएंगे. दोनों की बड़े पर्दे पर टक्कर देखने के लिए फैंस एक्साइटेड हैं.
दिवाली पर दस्तक देगी ‘रामायण’
रामायण दिवाली के मौके पर 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही है. दो पार्ट में बन रही इस मूवी का बजट चार हजार करोड़ रुपये है. इसे नितेश तिवारी ने डायरेक्ट किया और प्रोड्यूसर हैं नमित मल्होत्रा. फिल्म का हिस्सा रवि दुबे, सनी देओल, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, साई पल्लवी सहित कई मशहूर कलाकार हैं.
