पूर्वी दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर (कल्याणपुरी) इलाके में 10 रुपये के फटे नोट को लेकर हुए विवाद के बाद एक डिलीवरी बॉय ने आत्महत्या कर ली है. युवक ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया जिससे उसकी 20 अक्टूबर 2026 को अस्पताल में मौत हो गई. मरने से पहले युवक ने उसके साथ हुए विवाद का वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड किया था, जिसमें वो अपने आत्मसम्मान को ठेस पहुंचने से आहत होने की बात कह रहा है.
इस घटना से परिवार में मातम का माहौल है. वहीं,पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक युवक की पहचान 24 वर्षीय समीर हुसैन के रूप में हुई है जो ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ में डिलीवरी पार्टनर का काम करता था.
श्रद्धा दुबे को 10 दिनों की न्यायिक हिरासत, पुलिस के सवालों पर कहा, ‘मेरे…’
क्या है पूरा मामला?
ये मामला 4 अक्टूबर का है, जब रात को हुसैन पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर में 65 वर्षीय रामपाल सिंह को एक ऑर्डर (ब्रू कॉफी का जार) डिलीवर करने गया था. डिलीवरी के भुगतान के दौरान बुजुर्ग ने कैश के रूप में 10 रुपये का फटा नोट थमा दिया, लेकिन हुसैन ने अनुरोध किया था उन्हें दूसरा नोट दे दें. इसपर बुजुर्ग ग्राहक भड़क गया और उसे थप्पड़ जड़ दिया. इसके बाद बहस सुनकर सिंह का पड़ोसी 30 वर्षीय राकेश उर्फ बंटी वहां आया और उसने भी हुसैन के साथ बदसलूकी की. यही नहीं बंटी ने हुसैन को तीन-चार थप्पड़ मारे और मिडिल-क्लास स्टेटस को लेकर भद्दी टिप्पणियां तक की.
बदसलूकी से आहत हो खाया जहर
इसके बाद हुसैन ने उसी दिन रात को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और बताया था कि उसे पीटा गया है. इस घटना से आहत हुसैन ने 5 अक्टूबर को कथित तौर पर जहर खा लिया, जिसके बाद उसे तुरंत लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल में भर्ती कराया गया और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने जानकारी दी है कि 20 अक्टूबर को युवक की मौत हो गई है. हुसैन ने मरने से पहले वीडियो भी रिकॉड किए हैं जिसमें उसने अपने साथ हुई घटना का रोते हुए जिक्र किया है और बताया है कि उसके आत्ममसम्मान को ठेस पहुंची है.
दोनों आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी (पूर्व) राजीव कुमार ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत मिलने के तुरंत बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच चल रही है. पुलिस ने बताया कि एक मेडिको-लीगल केस दर्ज किया गया है. उसकी मौत के बाद FIR में आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं जोड़ी गईं हैं. अब इस मामले की जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आ सकेगी.
रीजिम चेंज वाले बयान पर पीएम मोदी का पलटवार, ‘भारत की प्रतिष्ठा मिट्टी में मिलाने में जुटे’
