Headlines

रवि किशन की ‘मेरा यार बजरंगी’ का ऐलान, दिवाली पर मचाएगी धमाल


अभिनेता और नेता रवि किशन की आने वाली भक्ति पर आधारित फिल्म का नाम ‘मेरा यार बजरंगी- दोस्ती हो तो ऐसी’ रखा गया है. फिल्म अगले साल दीपावली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी. मंगलवार को महावीर जैन फिल्म्स ने फिल्म के टाइटल और रिलीज डेट का ऐलान किया.

फिल्म के पोस्टर में रवि किशन एक अलग और दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं. पोस्टर में एक दिव्य तरीके से दो हाथों को टकराते हुए दिखाया गया है. इनमें से एक हाथ आम इंसान का है, जिसने रुद्राक्ष और रक्षा सूत्र पहना हुआ है. वहीं, दूसरा हाथ बजरंग बली का है, जिस पर श्रीराम नाम का पटका और रुद्राक्ष की माला नजर आ रही है. दोनों हाथों के बीच एक दिव्य चमक दिखाई गई है. यह तस्वीर फिल्म की टैगलाइन ‘दोस्ती हो तो ऐसी’ को खास अंदाज में दिखाती है.

भक्त और भगवान की अनोखी दोस्ती

फिल्म की कहानी एक आम इंसान और उसके ईष्ट के बीच दोस्ती पर आधारित है. प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र ने बताया, ‘यह सिर्फ धार्मिक फिल्म नहीं है, बल्कि एक भक्त और भगवान के रिश्ते की कहानी है. आज के दौर में हर कोई एक सच्चे दोस्त की तलाश में है. ऐसे में क्या हो, अगर बजरंग बली खुद आपके यार बन जाएं? फिल्म के पीछे यही भावना है.’

रवि किशन इस फिल्म में बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएंगे. वह एक आम और सच्चे भक्त का किरदार निभाएंगे. फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन अमित आर्यन ने किया है. महावीर जैन फिल्म्स इसे पेश कर रहा है. फिल्म का निर्माण महावीर जैन फिल्म्स ने रैटपैक स्टोरीज के साथ मिलकर किया है.

मिर्जापुर: द मूवी’ में आए थे नजर

रवि किशन को पिछली बार ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में देखा गया था. इस फिल्म में उनके साथ पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, हर्षिता गौर और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार नजर आए. यह फिल्म प्राइम वीडियो की वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ की कहानी दिखाती है. इसमें मिर्जापुर की गद्दी पर कब्जे की लड़ाई के बीच पुराने दुश्मनों की वापसी होती है और नए दावेदार भी सामने आते हैं.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *