राजस्थान के जयपुर से एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तीन लड़के फुटपाथ पर चलते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान पीछे से बाइक सवार लगातार हॉर्न बजाते रहते हैं, लेकिन तीनों लड़के अपनी जगह से हटने के बजाय आराम से चलते रहते हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो जयपुर के टोंक फाटक पुलिया के पास का है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग तीनों लड़कों की तारीफ कर रहे हैं. यूजर्स का कहना है कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए होता है, ऐसे में बाइक सवारों को वहां से निकलने के बजाय सड़क का इस्तेमाल करना चाहिए.
हॉर्न बजाते रहे बाइक सवार, फिर भी नहीं हटे लड़के
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन लड़के फुटपाथ पर पैदल जा रहे हैं. इसी दौरान कुछ बाइक सवार भी उसी फुटपाथ पर अपनी बाइक लेकर उनके पीछे चलते नजर आते हैं. बाइक सवार आगे निकलने के लिए बार-बार हॉर्न बजाते हैं, लेकिन लड़के रास्ता छोड़ने के बजाय अपनी चाल से चलते रहते हैं.
इस दौरान तीनों लड़के बाइक सवारों से बहस भी नहीं करते और न ही उनके साथ किसी तरह का झगड़ा करते हैं. वे बस फुटपाथ पर चलते रहते हैं. इसी बीच एक कार में बैठे शख्स को वीडियो बनाते हुए सुना जा सकता है, जो लड़कों की तारीफ करता है.
“Kudos to these guys from Jaipur!” They didn’t let that Bullet guy rides on Footpath🫡👏 https://t.co/84GcmfoVdh
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) October 26, 2026
कार में बैठे शख्स ने कही ये बात
वीडियो रिकॉर्ड कर रहा शख्स तीनों लड़कों को देखकर कहता है, “बढ़िया, बढ़िया, बढ़िया, ये फुटपाथ आप लोगों के ही लिए है.” उसकी यह बात सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है.
दरअसल, फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए बनाए जाते हैं, ताकि उन्हें सड़क पर चलने वाले वाहनों से अलग सुरक्षित रास्ता मिल सके. लेकिन कई बार ट्रैफिक से बचने या जल्दी निकलने के चक्कर में बाइक सवार फुटपाथ पर ही वाहन चलाने लगते हैं. ऐसे में पैदल चलने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
यह भी पढ़ें: बच्चे को बचाने के लिए सब्जी वाले ने दांव पर लगा दी जान, लोग देखते रहे तमाशा
सोशल मीडिया पर तीनों लड़कों की हो रही तारीफ
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स तीनों लड़कों के समर्थन में कमेंट कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि उन्होंने बिना किसी विवाद के अपनी बात रख दी. एक यूजर ने लिखा, “Setting a right example.” वहीं दूसरे ने कमेंट किया, “Excellent ekdum sahi.”
इसके अलावा कुछ यूजर्स ने “Real warriors” और “Bhaichara on top” जैसे कमेंट भी किए. लोगों को यह बात पसंद आ रही है कि तीनों लड़कों ने बाइक सवारों से भिड़ने के बजाय अपना रास्ता नहीं छोड़ा.
फिलहाल, इस वीडियो ने एक बार फिर सड़क पर ट्रैफिक नियमों के पालन और पैदल चलने वालों के अधिकारों को लेकर चर्चा शुरू कर दी है. वीडियो देखने वाले कई लोगों का मानना है कि फुटपाथ पर पैदल चलने वालों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए और वाहन चालकों को इसका सम्मान करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: लाइव रिपोर्टिंग के दौरान समुद्री लहर की चपेट में आया पत्रकार, वीडियो वायरल
