उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों पर हुए चुनाव के बाद आज यानी 27 अक्टूबर को मतगणना हुई. इसमें कई सीटों पर बीजेपी का दबदबा दिखाई दिया. हालांकि कुछ जगह सपा ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी. मेरठ और बरेली खंड में बीजेपी का डंका बजा, जबकि वाराणसी शिक्ष सीट पर सपा उम्मीदवार ने जीत हासिल की.
मतगणना के लिए लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में केंद्र बनाए गए. सभी जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. चुनाव आयोग के निर्देशों के मुताबिक, मतगणना की पूरी प्रक्रिया प्रेक्षकों और रिटर्निंग अधिकारियों की निगरानी में होगी. पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है.
राजधानी लखनऊ में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती रमाबाई रैली स्थल पर होगी. इसके लिए अलग-अलग हॉल बनाए गए हैं. वहीं, वाराणसी में स्टेट वेयरहाउस कॉरपोरेशन, आगरा में नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, मेरठ में सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय, झांसी में बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज, बरेली में संजय कम्युनिटी हॉल और गोरखपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय को मतगणना केंद्र बनाया गया है.
शाम तक आ सकते हैं नतीजे
प्रशासन की कोशिश है कि मतगणना की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो. नतीजों को लेकर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है. उम्मीद जताई जा रही है कि मतगणना पूरी होने के बाद शाम तक तस्वीर साफ हो सकती है.
इन 11 सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर तक है. अभी इन सीटों में 6 पर भाजपा, 3 पर समाजवादी पार्टी और दो पर निर्दलीय सदस्यों का कब्जा है. ऐसे में चुनाव के नतीजे इन दलों के लिए अहम माने जा रहे हैं. अब देखना होगा कि मतगणना के बाद कौन से दल को बढ़त मिलती है और किन प्रत्याशियों को जीत हासिल होती है.
