टीवी और बॉलीवुड एक्ट्रेस नायरा बनर्जी ने हाल ही में एक बातचीत में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के साथ अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया है. सलमान से पहली मुलाकात में नायरा काफी घबराई हुई थीं और ऐसे में जब सलमान उनके सामने आए तो उन्होंने कुछ ऐसा कर दिया जिससे आप समझ सकते है कि आखिर उनका एक्टर के सामने क्या हाल था.
‘दबंग’ की शूटिंग के वक्त सलमान से मिली थीं नायरा
नायरा बनर्जी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि वो डायरेक्टर प्रियदर्शन की किसी फिल्म की शूटिंग कर रही थी और वहीं पर सलमान खान भी उनकी फिल्म दबंग की शूटिंग कर रहे थे. जब ये बात नायरा को पता चली तो उन्होंने प्रियदर्शन के सहारे एक्टर से मिलने का प्लान बनाया. इसके बाद सलमान खुद नायरा और प्रियदर्शन की फिल्म के सेट पर आ गए थे.
बिना सिक्योरिटी के आ गए थे सलमान खान
बता दें कि नायरा बिग बॉस 18 का भी हिस्सा रह चुकी हैं. उन्होंने बताया कि बिग बॉस से पहले भी उन्होंने सलमान से मुलाकात की थी. एक्ट्रेस ने कहा, ‘जब मैं प्रियदर्शन सर की फिम की शूटिंग कर रही थी तब हमारे सामने सलमान अपनी फिल्म दबंग का शूट कर रहे थे. मैंने प्रियदर्शन सर से सलमान से मिलने की गुजारिश की. सलमान मान गए और बिना सिक्योरिटी के हमारे सेट की तरफ आ गए. मैं उनसे मिलने के लिए आधी दूर तक गई थी.’
सलमान को देखकर उल्टी दिशां में जाने लगीं नायरा
नायरा ने आगे कहा कि सलमान को देखने के बाद वो नर्वस हो गई थीं. उन्होंने बताया, ‘जब सलमान मेरी तरफ आए तो मैं कांपने लगी और उल्टी दिशा में चलने लगी. फिर मुझे मेरी टीम ने रोका और कहा कि प्लीज जाकर सलमान से बात करो.’
नायरा बनर्जी के बारे में
39 साल की नायरा ‘दिव्य दृष्टि’, ‘बिग बॉस 18’, ‘खतरों के खिलाड़ी 13’ और ‘पिशाचिनी’ जैसे शोज का हिस्सा रही हैं. उन्होंने ‘कमाल धमाल मालामाल’ और ‘वन नाइट स्टैंड’ जैसी हिंदी फिल्मों के अलावा तेलुगु फिल्म ‘आ ओक्कडू’ में भी काम किया. इसके अलावा नायरा वेब सीरीज ‘खाकी: द बंगाल चैप्टर’ में भी नजर आ चुकी हैं.
