Buffalo Buying Tips: अगर आप भी डेयरी खोलने की सोच रहे हैं घर के लिए भैंस खरीदने की सोच रहे हैं, तो जल्दबाजी में फैसला न करें. कई बार पशु बेचने वाला उसकी उम्र और दूध देने की क्षमता के बारे में सही जानकारी नहीं देता. ऐसे में खरीदने वाले को नुकसान हो सकता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि, भैंस के दांत देखकर उसकी उम्र का अंदाजा लगाया जा सकता है?
पशुपालक लंबे समय से इस तरीके का इस्तेमाल करते आ रहे हैं. भैंस के सामने के दांतों की संख्या, आकार और घिसावट देखकर पता लगाया जा सकता है कि पशु कितना पुराना है. हालांकि, दांतों के साथ उसकी सेहत की जांच करना भी जरूरी है.
दो से छह साल की भैंस के दांतों में आते हैं ये बदलाव
भैंस जब छोटी होती है, तो उसके सामने के दांत दूध के होते हैं. उम्र बढ़ने के साथ ये दांत गिरने लगते हैं और उनकी जगह पक्के दांत निकल आते हैं.
- आमतौर पर करीब दो साल की उम्र में बीच के दो पक्के दांत दिखाई देने लगते हैं.
- इसके बाद ढाई से तीन साल के बीच अगली जोड़ी आती है. इसी तरह धीरे-धीरे बाकी दांत भी निकलते हैं.
- करीब पांच से छह साल की उम्र तक भैंस के सामने के सभी आठ दांत पक्के हो सकते हैं.
दांत ज्यादा घिसे हैं तो हो सकती है उम्र अधिक
भैंस की उम्र बढ़ने के साथ उसके दांतों में घिसावट भी दिखने लगती है. दांतों की ऊपरी सतह धीरे-धीरे सपाट होने लगती है और वे पहले के मुकाबले छोटे दिखाई दे सकते हैं. कुछ पशुओं में दांतों के बीच खाली जगह भी नजर आने लगती है. अगर दांत बहुत ज्यादा घिस गए हैं या कमजोर हैं, तो भैंस को चारा चबाने में परेशानी हो सकती है. इससे उसके खाने पर भी असर पड़ सकता है. लेकिन ध्यान रखें कि दांतों की घिसावट सिर्फ उम्र से तय नहीं होती. पशु किस तरह का चारा खाता है, इसका भी असर पड़ता है.
यह भी पढ़ें: देसी गाय पालने वाले किसानों की बल्ले-बल्ले! हर महीने मिलेंगे 900 रुपये
भैंस खरीदते समय इन बातों को न करें नजरअंदाज
भैंस खरीदते समय सिर्फ दांत देखकर फैसला न करें. उसकी आंखें साफ और चमकदार हैं या नहीं, सांस सामान्य चल रही है या नहीं और चलते समय पैरों में लंगड़ापन तो नहीं है, यह जरूर देखें. शरीर पर घाव, सूजन या किसी तरह का असामान्य स्राव दिखाई दे, तो सावधान हो जाएं. अगर दूध देने वाली भैंस खरीद रहे हैं, तो अपने सामने दूध निकलवाकर उसकी मात्रा जांचें. साथ ही थनों में गांठ, दर्द या सूजन भी देखें.
खरीदने से पहले डॉक्टर से कराएं जांच
भैंस खरीदने से पहले उसके पुराने स्वास्थ्य रिकॉर्ड और खानपान के बारे में भी पूछें. दांत देखकर उम्र का अंदाजा तो लगाया जा सकता है, लेकिन इससे पशु के पूरी तरह स्वस्थ होने का पता नहीं चलता. इसलिए सौदा पक्का करने से पहले पशु चिकित्सक से उसकी जांच जरूर कराएं. इससे सही उम्र, सेहत और दूध देने की क्षमता को लेकर बेहतर जानकारी मिल सकती है.
यह भी पढ़ें: गायों के सींग कटवाना सही या गलत? पशु की सेहत पर क्या पड़ता है असर
