अक्सर हम मैनुअल गाड़ी की पुरानी आदतों को ऑटोमैटिक पर भी लागू कर देते हैं, लेकिन यह करना सही नहीं है. यही छोटी-छोटी गलतियां धीरे-धीरे गियरबॉक्स और ट्रांसमिशन सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकती हैं और जेब पर बड़ा बोझ डाल सकती हैं. यहां हम आपको ऐसी 5 गलतियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें जानकर आप आप अपनी गाड़ी की लाइफ और अपनी जेब दोनों को बचा सकते हैं.
गाड़ी को न्यूट्रल में डालना
कई लोग फ्यूल बचाने के चक्कर में गाड़ी को ढलान पर न्यूट्रल कर देते हैं, लेकिन ऑटोमैटिक गाड़ियों में इंजन के चलते रहने पर ही ट्रांसमिशन सिस्टम को सही तरीके से ऑयल मिलता रहता है. न्यूट्रल में डालने से लुब्रिकेशन प्रभावित हो सकता है और लंबे समय में गियरबॉक्स ओवरहीट होकर नुकसान उठा सकता है. ऐसे में आप अपनी इस गलती को सुधार सकते हैं.
गाड़ी को सीधे पार्क मोड पर लगाना
इसके बाद दूसरी गलती चलती गाड़ी को सीधे पार्क मोड पर लगा देना होता है. आपके लिए जानना जरूरी है कि जब तक गाड़ी पूरी तरह रुक न जाए, तब तक P मोड का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. ऐसा करने से अंदर मौजूद पार्किंग पिन पर अचानक प्रेशर पड़ता है, जिससे वह टूट भी सकती है और महंगा रिपेयर करवाना पड़ सकता है.
ट्रैफिक पर बार-बार न्यूट्रल करना
तीसरी आदत जो नुकसान पहुंचाती है, वह ट्रैफिक में बार-बार न्यूट्रल और ड्राइव के बीच शिफ्ट करना है. अगर सिग्नल बहुत छोटा है तो बार-बार गियर बदलने की जरूरत नहीं होती. लगातार शिफ्टिंग से ट्रांसमिशन के अंदर क्लच पैक और अन्य हिस्सों पर बेवजह घिसावट बढ़ती है.
लॉन्च करने का गलत तरीका
इसके अलावा ड्राइवर्स एक्सीलरेटर दबाकर अचानक गियर में डाल देते हैं. यह तरीका ऑटोमैटिक गाड़ियों के लिए बिल्कुल सही नहीं है, क्योंकि इससे ट्रांसमिशन पर झटका पड़ता है और समय के साथ गियर स्लिप जैसी समस्याएं शुरू हो सकती हैं.
बिना ब्रेक दबाए गियर शिफ्ट करना
आखिर में सबसे जरूरी बात है बिना ब्रेक दबाए गियर शिफ्ट न करें. चाहे ड्राइव (D) हो या रिवर्स (R), हमेशा ब्रेक दबाकर ही शिफ्ट करना चाहिए. बिना ब्रेक के शिफ्ट करने से गियर सिस्टम पर अचानक लोड आता है, जो धीरे-धीरे पूरे मैकेनिज्म को कमजोर कर सकता है. इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपनी ऑटोमैटिक गाड़ी को लंबे समय तक स्मूद और सुरक्षित चला सकते हैं.
यह भी पढ़ें:-
गाड़ी खरीदने जा रहे हैं? बस थोड़ा-सा इंतजार, मई 2026 में लॉन्च होने जा रहीं ये शानदार गाड़ियां
